जामताड़ा
जामताड़ा में मानसून के सक्रिय होते ही सांप काटने की घटनाओं में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। पिछले 24 घंटों के भीतर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दो मामले सामने आए हैं, जिनमें एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला अस्पताल में इलाज जारी है।
पहली घटना बिंदापाथर थाना क्षेत्र
बिंदापाथर थाना क्षेत्र के गेरिया मारलो गांव में 25 वर्षीय महिला पार्वती दास को एक जहरीले कोबरा सांप ने डस लिया। सांप काटने के तुरंत बाद परिजन उन्हें गंभीर हालत में जामताड़ा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। महिला की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद (एसएनएमएमसीएच/पीएमसीएच) रेफर कर दिया। हालांकि, इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
दूसरी घटना जामताड़ा थाना क्षेत्र
दूसरी घटना जामताड़ा थाना क्षेत्र के आसनहैरियॉं गांव की है। यहां की निवासी सोनिया देवी को भी एक जहरीले सांप ने अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद परिजनों ने तत्परता दिखाई और उन्हें जामताड़ा सदर अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों की देखरेख में महिला का इलाज लगातार जारी है। राहत की बात यह है कि वर्तमान में उनकी स्थिति स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सदर अस्पताल की अपील
मानसून के मौसम में सांपों का निकलना आम हो जाता है। ऐसे में झाड़ियों और अंधेरे स्थानों पर जाने से बचें। सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के चक्कर में समय बर्बाद न करें और मरीज को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल लेकर आएं, जहां एंटी-स्नेक वेनम (Anti-Snake Venom) पूरी तरह उपलब्ध है।