जामताड़ा
जामताड़ा सदर अस्पताल में कथित तौर पर इलाज की मौत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज हुई FIR को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा रुख अपनाया है। बुधवार को जामताड़ा भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दुमका के पूर्व सांसद व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान किया। सुनील सोरेन ने घोषणा किया कि आगामी 31 जुलाई को संथाल परगना, धनबाद और गिरिडीह क्षेत्र से 50,000 से अधिक भाजपा कार्यकर्ता जामताड़ा जिला मुख्यालय का घेराव करेंगे। इस प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, अर्जुन मुंडा और रघुवर दास समेत भाजपा के कई शीर्ष नेता शामिल होंगे।

मंत्री के इशारे पर झूठी FIR दर्ज की गई
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने आरोप लगाया कि जामताड़ा पुलिस और जिला प्रशासन स्थानीय मंत्री इरफान अंसारी के दबाव में पक्षपातपूर्ण काम कर रहा है। उन्होंने ने सवाल उठाया कि 5 घंटे तक अस्पताल में भर्ती रहने के बावजूद लापरवाही बरतने वाले डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों पर अब तक मामला क्यों नहीं दर्ज हुआ। पीड़िता रीना रवानी के न्याय के लिए आवाज उठाने वाले भाजपा के 8 कार्यकर्ताओं पर मंत्री के इशारे पर झूठी FIR दर्ज की गई है। वहीं माधव चंद्र महतो ने कहा कि पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर निष्पक्ष जांच करे।

पीड़ित परिवार का हाल जानना हमारा संवैधानिक अधिकार
अगर भाजपा कार्यकर्ता तोड़फोड़ में शामिल हैं तो कार्रवाई करें, अन्यथा लोकतंत्र और संवैधानिक अधिकारों का हनन बंद करें। भाजपा नेताओं ने जिले की बिगड़ती स्वास्थ्य व्यवस्था और हालिया घटनाओं को लेकर भी सरकार पर तीखा हमला बोला। पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल ने कहा कि जच्चा-बच्चा की मौत पर सवाल पूछना और पीड़ित परिवार का हाल जानना हमारा संवैधानिक अधिकार है। फतेहपुर में कोल समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उमानाथ कोल की सड़क दुर्घटना के बाद 2 घंटे तक एम्बुलेंस न मिलने से मौत हो गई। जिले में लगातार सर्पदंश से हो रही मौतों और नारायणपुर अस्पताल में हुई मारपीट की घटनाओं पर भी प्रशासन के ढुलमुल रवैये को उजागर किया गया।