जामताड़ा
नारायणपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई। मामला गोबिंदपुर-साहेबगंज मुख्य मार्ग पर कोरिडीह वन गांव के पास का है, जहां एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर प्रदर्शन करते हुए यातायात रोक दिया, जिसके कारण काफी देर तक सड़क जाम रही और वाहनों की लंबी कतार लग गई।
घटना में मृतक की पहचान
मृतकों की पहचान बुटबेरिया गांव निवासी 22 वर्षीय इरशाद अंसारी और 24 वर्षीय मुर्शरफ अंसारी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों युवक मोटरसाइकिल से जामताड़ा की ओर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कोरिडीह वन गांव के समीप सामने से आ रही एक तेज गति पिकअप वैन से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। 
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम पहुंची
सूचना मिलने के बाद नारायणपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लोगों को शांत कराने के साथ जाम हटाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। वहीं इस हादसे के बाद बुटबेरिया गांव में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।