logo

जामताड़ा में रेलवे ट्रैक पर महिला की सिर कटी लाश बरामद

ेगीी.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र स्थित कासीटांड़ रेलवे हॉल्ट के पास बुधवार शाम रेलवे ट्रैक पर एक महिला का सिर कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है। मृतका की पहचान कालाझरिया पंचायत के हीरापुर गांव निवासी 35 वर्षीय जियाकी हेम्ब्रम के रूप में हुई है। वह मैनेजर टुडू की पत्नी थीं। परिजनों के अनुसार जियाकी बुधवार दोपहर से घर से लापता थीं। काफी तलाश के बाद शाम करीब सात बजे पोल संख्या 261/4 के पास रेलवे ट्रैक पर उनका शव मिला। मृतका के ससुर बाबूजन टुडू ने बताया कि पिछले कुछ समय से उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। फिलहाल परिवार ने किसी पर कोई संदेह व्यक्त नहीं किया है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

घटना की सूचना मिलते ही करमाटांड़ थाना के सब-इंस्पेक्टर आलम अंसारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेज दिया। मौके से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि शुरुआती तौर पर मामला ट्रेन की चपेट में आने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि यह आत्महत्या, हादसा या किसी साजिश का मामला है, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है। घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।


 

Tags - Jamtara Railway Crime Jharkhand Police