logo

जामताड़ा पुलिस की साइबर ठगी के खिलाफ सफलता, 7.5 लाख नकद और डिजिटल उपकरण जब्त; आरोपी फरार

jamtara_police_cyber_fraud.jpg

जामताड़ा
जामताड़ा में पुलिस ने एक संदिग्ध ठिकाने पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नकदी और डिजिटल उपकरण ज़ब्त किए गए हैं. पुलिस ने यह कार्रवाई साइबर अपराध के विरुद्ध की है. पुलिस अधीक्षक को एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि साइबर ठगी के जरिए कमाई गई एक मोटी रकम जामताड़ा थाना क्षेत्र के सोनबाद गांव में एक व्यक्ति के घर में छिपाकर रखी गई है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और चिन्हित स्थान पर छापेमारी की गई.
7.50 लाख नकद जब्त
पुलिस टीम ने जब प्रसन्नजीत दां के घर की तलाशी ली, तो अधिकारियों के होश उड़ गए. मौके से पुलिस ने कुल 7 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए. नकदी के साथ-साथ अपराध में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड भी जब्त किए गए हैं. हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही मुख्य आरोपी प्रसन्नजीत दां मौके से फरार होने में सफल रहा.
फरार अपराधी के तलाश में जुटी पुलिस
इस मामले को लेकर साइबर थाना जामताड़ा में कांड संख्या 23/26 दर्ज की गई है. फरार आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 318(4) एवं 319(2) के साथ-साथ आईटी एक्ट की धारा 66(B), 66(C), और 66(D) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा. इस कार्रवाई से क्षेत्र के साइबर अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस अब उन कड़ियों को जोड़ने में जुटी है जिनसे इस ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सके.

 

Tags - Jamtara police news Cyber fraud in jamtara jamtara Cyber fraud news Cyber Fraud news Cyber Fraud In Jamtara 7.5 lakh Seized in jamtara jamtara Police Against Cyber Fraud