logo

जामताड़ा पुलिस मेंस एसोसिएशन चुनाव: गौतम झा बने अध्यक्ष, 672 पुलिसकर्मियों ने चुनी नई टीम

jam_p1.jpg

जामताड़ा 

झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन शाखा जामताड़ा के वर्ष 2026 के त्रैवार्षिक चुनाव का परिणाम मंगलवार सुबह घोषित कर दिया गया। पूरी चुनाव प्रक्रिया अत्यंत शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिसमें जिले के पुलिसकर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस बार चुनाव में मतदान प्रतिशत काफी उत्साहजनक रहा। कुल 716 योग्य मतदाताओं में से 672 पुलिसकर्मियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर नई कार्यकारिणी का चुनाव किया।घोषित चुनाव परिणाम के अनुसार विभिन्न पदों पर मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा।

नए कार्यकाल की सफलता के लिए आशीर्वाद

मुख्य पदों के परिणाम के मुताबिक अध्यक्ष पद पर गौतम झा ने अपने कड़े प्रतिद्वंद्वी अल्फ्रेड मरांडी को शिकस्त देकर शानदार जीत हासिल की। उपाध्यक्ष पद के कड़े मुकाबले में मयंक हर्ष ने दीपक यादव को पराजित कर विजय प्राप्त की। सचिव पद के चुनाव में राजन टुडू ने मनोज कुमार यादव को मात देते हुए जीत का परचम लहराया। कोषाध्यक्ष के पद पर कुणाल कुमार दास ने कृष्ण मंडल को हराकर अपना कब्जा जमाया। केंद्रीय सदस्य के रूप में सत्येंद्र जायसवाल ने मुरली मनोहर दास को पराजित किया। अंकेक्षक (ऑडिटर) पद पर जयकुमार देव ने हवलदार राम हेंब्रम को हराकर जीत दर्ज की। चुनाव परिणाम की आधिकारिक घोषणा होते ही विजयी उम्मीदवारों और उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। मंगलवार को ही सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने शहर के प्रसिद्ध माँ चंचला मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और नए कार्यकाल की सफलता के लिए आशीर्वाद लिया।

पुलिसकर्मियों की हर समस्या के त्वरित समाधान

इसके बाद समर्थकों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाया और मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया। जीत के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष गौतम झा और केंद्रीय सदस्य सत्येंद्र जायसवाल ने संयुक्त रूप से सभी मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि जामताड़ा के सभी पुलिसकर्मियों और समर्थकों की सामूहिक जीत है। संगठन की एकता और सदस्यों के हितों की रक्षा करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। गौतम झा ने भरोसा दिलाया कि नई टीम सभी सदस्यों को साथ लेकर चलेगी और पुलिसकर्मियों की हर समस्या के त्वरित समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। संगठन को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाया जाएगा। इस खुशी के मौके पर मुन्ना सिंह, अंगद कुमार राय, अवधेश शर्मा, धर्मेंद्र कुमार, पिंटू कुमार, ललन सिंह, पवन कुमार, अब्दुल गनी, अशरफ खान सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मियों ने नई टीम को उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

 

Tags - Jharkhand Police Mens Association Jamtara Police Election Election Victory