logo

जामताड़ा में APK फाइल के जरिए साइबर ठगी करने वाले दो अपराधी गिरफ्तार

ोजक.jpg

द फॉलोअप डेस्क

झारखंड के जामताड़ा जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर APK फाइल के जरिए ठगी करने वाले दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 14 मार्च को नारायणपुर थाना क्षेत्र में की गई। गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बरियारपुर–पतरोडिह ग्रामीण सड़क के पास छापेमारी की। इस दौरान पिंटू कुमार दास (28 वर्ष) और जगदीश दास (39 वर्ष) को साइबर ठगी की गतिविधियों में संलिप्त पाया गया। पुलिस ने उनके पास से 4 मोबाइल फोन और 8 सिम कार्ड बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी के लिए किया जा रहा था।

ठगी का तरीका

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों को फर्जी APK फाइल भेजकर ठगी करते थे। इसके लिए वे दो तरीके अपनाते थे। पहला, लोगों के व्हाट्सएप पर RTO ई-चालान के नाम से नकली APK फाइल भेजते थे। दूसरा, विभिन्न बैंकों के ग्राहकों को KYC अपडेट कराने का झांसा देकर फाइल डाउनलोड करने के लिए कहते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति उस फाइल को अपने मोबाइल में इंस्टॉल करता, अपराधियों को उसके फोन की गोपनीय जानकारी और एक्सेस मिल जाता था। इसके बाद वे ई-वॉलेट के माध्यम से पीड़ितों के बैंक खातों से पैसे निकाल लेते थे।

कानूनी कार्रवाई

इस मामले में जामताड़ा साइबर थाना में कांड संख्या 16/26 के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं, आईटी एक्ट और नए टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस गिरोह के अंतरराज्यीय नेटवर्क की भी जांच कर रही है ताकि इनके अन्य साथियों तक पहुंचा जा सके।