logo

जामताड़ा में फर्जी APK से ठगी करने वाले 4 शातिर साइबर अपराधी गिरफ्तार, आंगनवाड़ी केंद्र से चला रहे थे नेटवर्क

WhatsApp_Image_2026-08-07_at_3_15_12_PM1.jpeg

जामताड़ा 
जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ अपने अभियान को तेज करते हुए एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में 4 शातिर साइबर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अपराधी फर्जी APK फाइलों के जरिए देश भर के निर्दोष लोगों को अपना शिकार बनाते थे।
​आंगनवाड़ी केंद्र पर पुलिस की अचानक दबिश
​मामले का खुलासा करते हुए साइबर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद साइबर पुलिस उपाधीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। इस टीम ने करमाटाँड़ थाना क्षेत्र के ग्राम पिण्डारी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर अचानक छापेमारी की, जहाँ से इन 4 अपराधियों को धर दबोचा गया।
ठगी का शातिर तरीका था फोन का एक्सेस करने का
पुलिस जांच में साइबर अपराधियों के काम करने का बेहद शातिर और आधुनिक तरीका सामने आया है। आरोपी पहले खुद को किसी कूरियर कंपनी का फर्जी कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव बताकर लोगों को फोन करते थे। बातचीत के दौरान मीठी-मीठी बातों और झूठे बहानों से उनका भरोसा जीतते थे। इसके बाद समस्या का समाधान बताने के नाम पर पीड़ितों के मोबाइल फोन पर एक फर्जी APK फाइल भेजते थे। जैसे ही पीड़ित उस फाइल को डाउनलोड और इंस्टॉल करता था, अपराधियों को उनके फोन का पूरा एक्सेस और बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी मिल जाती थी। इसके बाद वे देश के अलग-अलग राज्यों में डिजिटल वित्तीय ठगी को अंजाम देते थे। ​
​गिरफ्तार अभियुक्तों और बरामदगी का विवरण
​पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों का विवरण इस प्रकार है:
​अरबाज अंसारी (20 वर्ष), पिता: मुख्तार, निवासी: सुन्दरजोरी, थाना: करमाटांड़, जामताड़ा।
​शरीफ अंसारी (20 वर्ष), पिता: सब्बीर अंसारी, निवासी: धनियाडीह, थाना: करों, देवघर।
​इरफान अंसारी (19 वर्ष), पिता: फिरोज अंसारी, निवासी: केन्दुआटाँड़, थाना: करमाटाँड़, जामताड़ा।
​फरीद अंसारी (19 वर्ष), पिता: मजीद अंसारी, निवासी: केन्दुआटाँड़, थाना: करमाटांड़, जामताड़ा।
​ इस गिरोह में शामिल एक अन्य अभियुक्त फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
​पुलिस द्वारा जब्त सामग्री
​मोबाइल फोन: 11,   सिम कार्ड: 20,     लैपटॉप: 01
​कड़े कानूनों के तहत मामला दर्ज
​साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 49/26 (दिनांक 06.08.2026) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (B.N.S) 2023, आई.टी. एक्ट (I.T. Act) और नए दूरसंचार अधिनियम (Telecommunications Act 2023) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ​इस सफल अभियान में थाना प्रभारी राजेश मंडल (पु०नि०) के साथ नितिश कुमार (पु०नि०), मनीष कुमार गुप्ता (पु०नि०), हीरालाल महतो (पु०अ०नि०) और रिजर्व गार्ड के जवान मुख्य रूप से शामिल थे।

Tags - Jamtara Cyber Crime Digital Fraud Jharkhand Police APK Scam