जामताड़ा
जामताड़ा जिले में 'सूखे नशे' (ड्रग्स) की अवैध खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले ड्रग्स सिंडिकेट पर शिकंजा कसने के अभियान के तहत जामताड़ा पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के घसकोटांड़ स्थित जोरिया के पास छापेमारी कर पुलिस ने 13.60 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
300 रुपये की पुड़िया बनाकर युवाओं को बना रहा था नशे का आदी
मामले का खुलासा करते हुए जामताड़ा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) वसीम राजा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को कर्माटांड़ क्षेत्र में अवैध रूप से ब्राउन शुगर की बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर उनके नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने घसकोटांड़ जोरिया के पास छापेमारी कर आरोपी सोहेल अंसारी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी पहले भी ब्राउन शुगर की तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। जेल से छूटने के बाद वह फिर से इसी अवैध कारोबार में सक्रिय हो गया। वह 300-300 रुपये की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर युवाओं को ब्राउन शुगर बेचता था और धीरे-धीरे उन्हें नशे की लत का शिकार बना रहा था।
गिरफ्तार आरोपी और बरामद सामान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 41 वर्षीय सोहेल अंसारी, पिता उस्मान मियां, निवासी गुनीडीह (पहाड़िया नया टोला), थाना कर्माटांड़, जिला जामताड़ा के रूप में हुई है। उसके पास से 13.60 ग्राम ब्राउन शुगर और एक काले रंग का जियो (Jio) कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया गया है। इस मामले में कर्माटांड़ थाना कांड संख्या 59/26 (दिनांक 04 अगस्त 2026) के तहत NDPS Act की धारा 21(b) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। छापेमारी अभियान में कर्माटांड़ थाना प्रभारी अलख नाथ चौबे सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य भी शामिल थे।
दो महीनों में तीन बड़े सप्लायर गिरफ्तार
जामताड़ा पुलिस पिछले दो महीनों में ड्रग्स तस्करी से जुड़े तीन प्रमुख सप्लायरों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने इनके पास से लाखों रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर बरामद की है।
12 जुलाई 2026: कर्माटांड़ के काला झरिया से शराफत अंसारी को 12.7 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया था।
1 जुलाई 2026: जामताड़ा थाना क्षेत्र से ऑटो चालक चंदन मंडल को 10 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा गया था।
4 अगस्त 2026: सोहेल अंसारी को 13.60 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह मुख्य रूप से आर्थिक रूप से संपन्न परिवारों के छात्रों और युवाओं को अपना निशाना बनाकर उन्हें नशे का आदी बना रहा था।.jpeg)
महिला ड्रग माफिया के नेटवर्क की भी जांच
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिले में फैले इस ड्रग्स नेटवर्क के पीछे एक महिला तस्कर की भूमिका भी जांच के दायरे में है। आशंका है कि वह पर्दे के पीछे रहकर पूरे नेटवर्क का संचालन कर रही है। पुलिस इस पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरे ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जाएगा।