logo

जामताड़ा में उद्घाटन के 48 घंटे बाद ही दरका NH 419 का पुल, DC की बड़ी कार्रवाई

jam_dc.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

जामताड़ा जिले में भ्रष्टाचार और निर्माण कार्य में लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। NH 419 पर बने एक नए पुल के उद्घाटन के मात्र दो दिन बाद ही दरकने की खबर ने हड़कंप मचा दिया। मीडिया के जरिए मामले का उजागर के बाद प्रशासन हरकत में आया और बुधवार को उपायुक्त रवि आनंद ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए प्रभावित स्थलों का औचक निरीक्षण किया। बुधुडीह के समीप निर्माणाधीन पुलिया में दरारें और घटिया निर्माण की सूचना मिलते ही डीसी रवि आनंद, अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) अनंत कुमार और अंचल अधिकारी अविश्वर मुर्मू के साथ घटनास्थल पर पहुँचे। निरीक्षण के दौरान पुलिया में स्पष्ट रूप से तकनीकी खामियां और गुणवत्ता की कमी पाई गई। मौके पर मौजूद जूनियर इंजीनियर को कड़ी फटकार लगाते हुए डीसी ने दो टूक कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर की लापरवाही या भ्रष्टाचार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने इंजीनियरों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। प्रशासनिक टीम केवल बुधुडीह तक ही सीमित नहीं रही।

टीम ने सोनबाद में बन रहे पुल का भी जायजा लिया। इसके अलावा, स्पेशल डिवीजन के तहत चेंगाईडीह में बन रही पुलिया की जांच में भी भारी अनियमितताएं उजागर हुईं। डीसी रवि आनंद ने बताया कि पुल-पुलिया निर्माण को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। प्राथमिक जांच में गड़बड़ी के प्रमाण मिले हैं। संबंधित विभाग को विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया गया है, ताकि दोषी एजेंसियों पर कठोरतम कार्रवाई की जा सके। NH 419 जामताड़ा के लिए एक लाइफलाइन की तरह है, जो धनबाद को पश्चिम बंगाल की सीमा से जोड़ती है। इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना में हो रहा भ्रष्टाचार न केवल सरकारी धन का दुरुपयोग है, बल्कि भविष्य में किसी बड़े हादसे को भी निमंत्रण दे सकता है। फिलहाल, एसडीओ के नेतृत्व में गठित टीम पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। इस खबर को द फॉलोअप ने मंगलवार को ही प्रमुखता से प्रकाशित किया था, इसके बाद प्रशासन हरकत में आई और बड़ी कार्रवाई की गई।

Tags - Jamtara NH 419 bridge bridge cracks construction negligence corruption case Ravi Anand DC sudden inspection Budhudih culvert cracks poor construction quality technical flaws