logo

जामताड़ा: पहली ही बारिश में बही नई बनी नाली, घटिया निर्माण देख भड़के ग्रामीण; रोका काम

Screenshot_2026-07-11_191837.jpg

जामताड़ा
जामताड़ा प्रखंड अंतर्गत अमलाचातर गांव में निर्माणाधीन नाली के बह जाने के बाद ग्रामीणों ने निर्माण कार्य पर असंतोष जताया है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 10 जुलाई को नाली की ढलाई की गई थी, जिसके बाद रात में हुई बारिश के कारण नाली के नीचे की मिट्टी बह गई। निर्माण की गुणवत्ता से असंतुष्ट होकर ग्रामीणों ने शनिवार को विरोध दर्ज कराया और फिलहाल काम को स्थगित करवा दिया है।
​बिना सूचना बोर्ड के हो रहा है गुप्त निर्माण
​गांव में चल रहे इस निर्माण कार्य का कोई भी सरकारी बोर्ड या सूचना पट्ट नहीं लगाया गया है, जिससे ग्रामीणों को योजना की लागत या विभाग की स्पष्ट जानकारी मिल सके। हालांकि, सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग (PWD) के तहत कराया जा रहा है। यह पूरी परियोजना मिहिजाम के शहीद निर्मल महतो चौक से शुरू होकर अमलाचातर, गोपालपुर और कोलाडाबर होते हुए सड़क और नाली निर्माण से जुड़ी है। इसी के तहत अमलाचातर गांव में करीब आधा किलोमीटर लंबी नाली बनाई जा रही है। 
​4 इंच की जगह महज 1-2 इंच ढलाई
​ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार और संबंधित कनीय अभियंता की मिलीभगत से निर्माण में भारी अनियमितता बरती जा रही है। ग्रामीणों ने मौके पर दिखाया कि ढलाई के मसाले में सीमेंट की मात्रा तय मानकों से बेहद कम रखी गई है। नियमों के मुताबिक नाली निर्माण से पहले ईंटों के माध्यम से सोलिंग की जानी थी, लेकिन पूरे आधे किलोमीटर के दायरे में कहीं भी सोलिंग नहीं की गई। सीधा मिट्टी पर ही ढलाई कर दी गई। जहां नाली के बेस को 4 इंच मोटा ढालना था, वहां महज 1 से 2 इंच की पतली परत डालकर औपचारिकता पूरी कर दी गई। 
​ग्रामीणों ने की फिर से तोड़कर नए सिरे से बनाने की मांग
​एक ही दिन पहले हुई ढलाई के नीचे से मिट्टी खिसक जाने के कारण नाली के नीचे की खाली जगह साफ दिखाई दे रही है, जिससे इसके कभी भी धंसने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने साफ कर दिया है कि वे इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने मांग की है कि इस घटिया निर्माण को पूरी तरह से तोड़कर, मानकों के अनुरूप फिर से मजबूत नाली का निर्माण कराया जाए और दोषी ठेकेदार व अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। जब तक प्रशासन इस पर संज्ञान नहीं लेता, तब तक काम शुरू नहीं होने दिया जाएगा।

Tags - Jamtara PWD Construction Jharkhand News Villagers Protest