द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना में एक 23 वर्षीय युवती की आपत्तिजनक तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में पति समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़िता की शिकायत पर नारायणपुर थाना कांड संख्या 86/2026 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79, 356(2), 356(3) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(E) और 67 के तहत केस दर्ज किया गया है।

क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार पीड़िता नारायणपुर थाना क्षेत्र के पालटा गांव की रहने वाली है। शिकायत में कहा गया है कि 6 जून 2026 को धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित मुरगाबनी कब्रिस्तान टोला में उसके साथ घटना हुई थी। आरोप है कि उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की नीयत से उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए गए।

पति, देवर और ससुर बने आरोपी
पीड़िता की शिकायत पर उसके ससुराल पक्ष के तीन लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। इनमें पति इमामुल अंसारी, देवर सोहेल अंसारी और ससुर सरफुद्दीन अंसारी शामिल हैं। तीनों आरोपी धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के मुरगाबनी कब्रिस्तान टोला के निवासी बताए गए हैं। पुलिस पूरे मामले में उनकी भूमिका की जांच कर रही है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्य के रूप में एक पेन ड्राइव और कुछ तस्वीरें जब्त की हैं। अनुसंधान की जिम्मेदारी पुलिस निरीक्षक रविंद्र नाथ यादव को सौंपी गई है। फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और तकनीकी व अन्य पहलुओं की गहन जांच में जुटी हुई है।