logo

जामताड़ा में नाबालिग का अपहरण, शादी समारोह से लौटते समय कार सवार युवकों ने किया अगवा 

रोससब5.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिससे पूरे इलाके में असुरक्षा और चिंता का माहौल बन गया है। पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। घटना के बाद परिजनों में गहरा सदमा है और वे जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब नाबालिग लड़की अपनी मां के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थी। पीड़ित पिता द्वारा थाने में दी गई लिखित शिकायत के मुताबिक, गांव के ही कुछ युवकों ने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि मोहड़ा गांव निवासी अरशद अंसारी अपने दो अन्य सहयोगियों के साथ चार पहिया वाहन से आया और सरेराह लड़की को जबरन गाड़ी में बैठाकर फरार हो गया।


दुष्कर्म और जबरन शादी की आशंका, केस दर्ज
लड़की के पिता ने आवेदन में बताया है कि आरोपी अरशद अंसारी पहले से उनकी बेटी को अगवा करने की धमकी दे रहा था। शिकायत में यह भी आशंका जताई गई है कि नाबालिग का अपहरण दुष्कर्म और जबरन शादी की नीयत से किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कांड संख्या 58/2026 के तहत अरशद अंसारी और दो अन्य आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है।


पुलिस की छापेमारी जारी, परिवार ने लगाई गुहार
मामले पर जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर सघन जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी और नाबालिग की सकुशल बरामदगी प्राथमिकता है, जिसके लिए अलग-अलग टीमें बनाकर संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों जैसे मोबाइल लोकेशन और स्थानीय इनपुट के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। वहीं, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से बेटी की जल्द सुरक्षित वापसी और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की गुहार लगाई है।

 

Tags - JamtaraCrime KidnappingCase JharkhandNews CrimeNews BreakingNews