दीपक झा /जामताड़ा
जामताड़ा जिले का करमाटांड़ प्रखंड, जो अब तक अक्सर साइबर क्राइम की घटनाओं को लेकर चर्चा में रहता था, अब अपनी मेधावी प्रतिभाओं की वजह से पूरे झारखंड में नई पहचान बना रहा है। इंटरमीडिएट साइंस परीक्षा के परिणाम में करमाटांड़ स्थित गुलाब राय गुड़गुटिया प्लस टू विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला स्तरीय टॉप-10 सूची में तीन स्थान हासिल किए हैं। विद्यालय के छात्र विशाल कुमार ने 94 प्रतिशत अंक यानी 470 अंक लाकर जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है।

डॉक्टर बनना चाहते हैं विशाल
विशाल कुमार मूल रूप से नारायणपुर प्रखंड के सिमदारडीह गांव के निवासी हैं। उनके पिता का नाम नागर चंद्र मंडल है। साइबर जोन के रूप में पहचाने जाने वाले इलाके से निकलकर विशाल ने अपनी मेहनत और लगन से जिले में टॉप कर यह साबित कर दिया कि सफलता के लिए परिस्थितियां नहीं, बल्कि मेहनत मायने रखती है। विशाल ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और चाचा को दिया है। उन्होंने कहा कि उनका सपना डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है। हाल ही में उन्होंने NEET परीक्षा भी दी है और उन्हें बेहतर परिणाम की उम्मीद है।

राशन दुकानदार की बेटी बनी जिले की सेकेंड टॉपर
इसी विद्यालय की छात्रा अनु कुमारी ने 469 अंक यानी 93.8 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। अनु के पिता राम प्रसाद मंडल एक छोटी राशन दुकान चलाते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने अनु की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। अनु इससे पहले मैट्रिक परीक्षा 2024 में भी 94.8 प्रतिशत अंक लाकर जिले में दूसरा स्थान हासिल कर चुकी हैं। अनु भविष्य में इंजीनियर बनना चाहती हैं और अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग को देती हैं।
.jpg)
सोनम कुमारी का सपना, गरीबों को दिलाना न्याय
सफल छात्रों की सूची में तीसरा नाम सोनम कुमारी का है। हेट गांव की रहने वाली सोनम ने 90.6 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में नौवां स्थान प्राप्त किया है। उनके पिता का नाम भोला कुमार है। सोनम का सपना एक सफल वकील बनकर गरीब और जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के जरिए समाज में बदलाव लाना ही उनका उद्देश्य है।