द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा में झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा समर्थित अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रीना कुमारी और उनके भाई वीरेंद्र मंडल पर सरकार और प्रशासन को बदनाम करने का आरोप लगाया गया। पार्टी नेताओं ने कहा कि विरोधी पक्ष बढ़ती जनसमर्थन से घबराकर भ्रामक बयानबाजी कर रहा है। जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने कहा कि जिला प्रशासन चुनाव को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में जुटा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी प्रत्याशी लोकप्रियता से घबराकर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं और जनता को दिग्भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।

जिला सचिव परेश चंद्र महतो ने प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि चुनाव के लिए भयमुक्त वातावरण तैयार किया गया है और पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष रूप से आगे बढ़ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव कराना पूरी तरह से चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है, राज्य सरकार की इसमें कोई सीधी भूमिका नहीं होती। इसके बावजूद सरकार और प्रशासन पर आरोप लगाना विपक्ष के घटते जनाधार का परिणाम है। प्रेस वार्ता में मौजूद झामुमो समर्थित प्रत्याशी, पूर्व विधायक स्वर्गीय विष्णु प्रसाद भैया की पत्नी चमेली देवी ने कहा कि चुनाव में जीत और हार का फैसला जनता करती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थित प्रत्याशी हार की आशंका से प्रशासन और सरकार पर निराधार आरोप लगा रहे हैं। इस दौरान प्रत्याशी की ओर से चुनावी घोषणा पत्र भी जारी किया गया, जिसमें शहर के विकास के लिए प्रस्तावित योजनाओं और भविष्य की रूपरेखा की जानकारी दी गई। वहीं दूसरी ओर चमेली देवी के द्वारा शहर में विशाल रैली निकाली गई रैली दुमका रोड इंदिरा चौक मुख बाजार टावर चौक सुभाष चौक स्टेशन चौक होते हुए निकली। इस अवसर पर चमेली देवी ने कहा कि जामताड़ा नगर पंचायत में कठपुतली राज का अंत किया जाएगा और जनता का राज स्थापित किया जाएगा। 15 साल से रुके विकास को गति दिया जाएगा।