जामताड़ा
जामताड़ा में अवैध बालू से लदे दो ट्रैक्टरों को खनन विभाग ने रंगे हाथों जब्त किया है। उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर यह कार्रवाई जामताड़ा के जुड़गुडीह और मिहिजाम के निर्मल महतो चौक पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर की गई। जब्त दोनों वाहनों को संबंधित थानों के हवाले कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
उपायुक्त के निर्देश पर ताबड़तोड़ छापेमारी और कानूनी कार्रवाई
जिले में अवैध खनन और परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए प्रशासन लगातार सख्त कदम उठा रहा है। इसी कड़ी में जामताड़ा के DC आलोक कुमार के निर्देश पर खनन विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।खनन विभाग के इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने जामताड़ा और मिहिजाम थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी की और सबसे पहले जामताड़ा थाना क्षेत्र के जुड़गुडीह में छापेमारी कर बालू से लदा पहला ट्रैक्टर पकड़ा। इसके बाद टीम ने मिहिजाम थाना क्षेत्र के निर्मल महतो चौक पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर दूसरे ट्रैक्टर को जब्त किया। विभाग ने दोनों ट्रैक्टरों को संबंधित थानों के हवाले कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन की इस बैक-टू-बैक कार्रवाई से इलाके के बालू और वन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।
