logo

जामताड़ा में NGT के नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई, बालू लदा ट्रैक्टर जब्त; चालक फरार

लुू.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर जिला प्रशासन और खनन विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को खनन विभाग की टीम ने नाला थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में औचक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान नाला-महेशमुंडा मार्ग के समीप अवैध बालू से लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया। जब्त वाहन को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत सुरक्षित अभिरक्षा के लिए नाला थाना को सौंप दिया गया है। खनन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार माइनिंग इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार अपनी टीम के साथ क्षेत्र में वाहनों की सघन जांच कर रहे थे। इसी दौरान अवैध बालू लेकर जा रहा एक ट्रैक्टर जांच टीम को देखकर घबरा गया। चालक ने बीच सड़क पर ही ट्रैक्टर खड़ा कर दिया और मौके से फरार हो गया। टीम ने तत्काल वाहन को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया। प्रशासन अब ट्रैक्टर मालिक और फरार चालक की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।

एनजीटी नियमों के पालन को लेकर सख्ती
जिले में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के निर्देशों के अनुरूप बालू के अवैध उठाव, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि पर्यावरण संरक्षण के मद्देनजर अवैध खनन गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी उद्देश्य से संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जा रहा है।

आगे भी जारी रहेगा अभियान
खनन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और बालू तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। विभागीय अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन करने वाले और अवैध खनन से जुड़े माफियाओं को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा। आने वाले दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी अभियान और अधिक सख्ती के साथ चलाया जाएगा, ताकि अवैध खनन पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

Tags - Jamtara Mining NGT Sand Jharkhand