जामताड़ा
जामताड़ा रेलवे साइडिंग पर शनिवार को कोयला चोरों के दुस्साहस और बेखौफ रवैये की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। कोयला चोरी रोकने का प्रयास कर रहे एक होमगार्ड जवान को चोरों ने न केवल ड्यूटी प्वाइंट से जबरन उठा लिया, बल्कि उसे गांव ले जाकर करीब तीन घंटे तक बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। बाद में जामताड़ा पुलिस ने भारी पुलिस बल के साथ कड़ी मशक्कत के बाद जवान को अपराधियों के चंगुल से सुरक्षित छुड़ाया।
ड्यूटी के दौरान अचानक हुआ हमला
पीड़ित होमगार्ड जवान मिलन कुमार दास द्वारा जामताड़ा थाने में दी गई लिखित शिकायत के अनुसार, शनिवार सुबह वह अपने साथी जवान मोहन कुमार मंडल के साथ जामताड़ा रेलवे साइडिंग में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान तीन से चार कोयला चोर अवैध रूप से कोयला उठाने पहुंचे। जब जवानों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो आरोपी उग्र हो गए। उन्होंने तुरंत मोबाइल से अपने अन्य दर्जनों साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद भीड़ ने अचानक दोनों जवानों पर हमला कर दिया। हमले के दौरान मोहन कुमार मंडल किसी तरह अपनी जान बचाकर रेलवे पटरी की ओर भाग निकले, जबकि मिलन कुमार दास को अपराधियों ने पकड़ लिया।
तीन घंटे तक बंधक बनाकर की बेरहमी से पिटाई
आरोपी मिलन कुमार दास के साथ मारपीट करते हुए उन्हें जबरन शहर के समीप स्थित धांधरा गांव ले गए। वहां उन्हें करीब तीन घंटे तक बंधक बनाकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की गश्ती टीम मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों और अपराधियों की भारी भीड़ के कारण वह जवान को छुड़ाने में सफल नहीं हो सकी। इसके बाद जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो अतिरिक्त पुलिस बल के साथ धांधरा गांव पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद जवान को सकुशल मुक्त कराकर थाने ले आए।
अस्पताल में भर्ती जवान, पुलिस कर रही कार्रवाई
घटना में गंभीर रूप से घायल होमगार्ड जवान मिलन कुमार दास को इलाज के लिए तत्काल सदर अस्पताल, जामताड़ा भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। उनके शरीर पर मारपीट के गंभीर निशान हैं। वहीं दूसरे जवान मोहन कुमार मंडल को भी हल्की चोटें आई हैं। घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें कथित कोयला चोर पुलिस जवानों के साथ गाली-गलौज करते और पेट्रोलिंग वाहन को घेरते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि धांधरा और उदलबनी क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार बड़े पैमाने पर संचालित हो रहा है। जामताड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित जवान के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी और अन्य आवश्यक कार्रवाई कर रही है।