जामताड़ा
जामताड़ा-दुमका रोड स्थित बिजली ऑफिस के समीप पेट्रोल पंप के पास गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इसके साथ ही दो लोग घायल भी बताए जा रहे हैं। वहीं मृतक की पहचान स्थानीय चौकीदार के पुत्र रोनित राय के रूप में हुई है। जो जामताड़ा थाना क्षेत्र के तिलाबाद गांव का रहने वाला है। इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर उग्र प्रदर्शन किया।

स्कूटी डंपर की चपेट में आ गई
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा दोपहर करीब 12:00 बजे उस वक्त हुआ जब एक तेज रफ्तार डंपर पेट्रोल पंप पर तेल लेने के लिए मुड़ रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक स्कूटी डंपर की चपेट में आ गई, जिससे स्कूटी सवार रोनित गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने और यातायात बहाल कराने के प्रयास कर रही है। जवान बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
