जामताड़ा
जिला प्रशासन ने अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति को दोहराते हुए एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। DC आलोक कुमार के सख्त निर्देश पर खनन विभाग की टीम ने नाला और बिंदापत्थर थाना क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बालू और गिट्टी का परिवहन कर रहे कुल चार ट्रैक्टरों को जप्त किया गया है। प्रशासन के इस कड़े रुख से क्षेत्र के अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
बिना कागजात के चल रहे ट्रैक्टर पकड़े
माइनिंग इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले बिंदापत्थर थाना क्षेत्र के खेड़ा गांव के पास जांच अभियान चलाया। इस दौरान गिट्टी लदे एक ट्रैक्टर को रोका गया। चालक द्वारा गिट्टी से संबंधित कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं करने पर, ट्रैक्टर को जप्त कर बिंदापत्थर थाना को सौंप दिया गया। इसके बाद टीम ने नाला थाना क्षेत्र के महेशमुंडा पत्थरगाढ़ा दुर्गा मंदिर के पास दबिश दी। यहां से अवैध रूप से बालू लदे तीन ट्रैक्टरों को पकड़ा गया। इन तीनों ट्रैक्टरों को भी जप्त कर नाला थाना के हवाले कर दिया गया है। .jpeg)
अवैध खनन पर कड़ा रुख
खनन विभाग द्वारा जप्त किए गए सभी वाहनों पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। नाला विधानसभा क्षेत्र में हुई इस अचानक और बड़ी छापेमारी से क्षेत्र के अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अवैध उत्खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।