जामताड़ा
साइबर अपराध के गढ़ कहे जाने वाले जामताड़ा जिले में पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है।पुलिस ने खुद को SBI बैंक का अधिकारी बताकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को फर्जी कॉल कर क्रेडिट कार्ड बंद होने का डर दिखाता था और APK फाइल डाउनलोड करवाकर उनके मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लाखों रुपये की ठगी करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से 4.04 लाख रुपए से अधिक नगद, मोबाइल, सिम कार्ड, बैंक पासबुक समेत कई अहम सामान बरामद किए। 
SBI अधिकारी बनकर APK फाइल के जरिए करता था साइबर ठगी
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह खुद को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का वरिष्ठ अधिकारी बताकर लोगों को फोन करता था। वह ग्राहकों को यह कहकर डराता था कि उनका क्रेडिट कार्ड जल्द ही ब्लॉक होने वाला है। इसके बाद कार्ड को चालू रखने या नया कार्ड एक्टिवेट करने का झांसा देकर उनके मोबाइल में एक अज्ञात APK फाइल डाउनलोड करवा देता था। यह खतरनाक फाइल इंस्टॉल होते ही आरोपी पीड़ित के मोबाइल का रिमोट एक्सेस हासिल कर लेता था, जिसके जरिए वह नेट बैंकिंग और क्रेडिट कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी चुराकर देश के विभिन्न राज्यों के लोगों के बैंक खातों से लाखों रुपये की ऑनलाइन ठगी को अंजाम देता था।
विशेष अभियान के तहत शातिर साइबर ठग गिरफ्तार
जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साइबर अपराध थाना की टीम ने कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के रमजानी मोड़ के पास से एक बेहद शातिर साइबर ठग को रंगे हाथों धर दबोचा है। इस बड़ी कामयाबी की विस्तृत जानकारी जामताड़ा साइबर थाना में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान साइबर DSP अमित कुमार रविदास ने दी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से भारी मात्रा में नगद राशि और ठगी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपी की पहचान नसरुद्दीन अंसारी उम्र लगभग 30 वर्ष के रूप में हुई है। वह सफिक अंसारी का पुत्र है और मुख्य रूप से ग्राम- पंचरुखी, थाना- मारगोमुण्डा, जिला- देवघर झारखंड का रहने वाला है। 
जप्त किए गए सामानों की सूची
पुलिस ने आरोपी के पास से नगद राशि 4,04,500 रुपए, स्मार्टफोन: 02 पीस, सिम कार्ड: 03 पीस, बैंक पासबुक: 02 पीस, आधार कार्ड: 01 पीस, मोटरसाइकिल: 01 पीस सामान बरामद किए हैं।
पुलिस ने दर्ज की FIR और कानूनी कार्रवाई
इस संबंध में जामताड़ा साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 43/26 (दिनांक 14.07.2026) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 317(5), 318(4), 319(2), 336(3), 338, 340(2) के साथ-साथ आईटी एक्ट (I.T. Act) की धारा 66(B)(C)(D) और टेलीकम्युनिकेशन्स एक्ट 2023 की धारा 42(3)(e) के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेजा जा रहा है।.jpeg)
सफल छापेमारी दल के जांबाज सदस्य
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में मुख्य रूप से शामिल रहे:
पु.नि. वैभव सिंह (साइबर अपराध थाना, जामताड़ा)
स.अ.नि. ईश्वर मराण्डी एवं रिजर्व गार्ड बल
पु.अ.नि. अलखनाथ चौबे (थाना प्रभारी, कर्माटांड़)
जामताड़ा पुलिस की महत्वपूर्ण अपील किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने मोबाइल फोन में कोई भी थर्ड-पार्टी ऐप या अज्ञात APK फाइल बिल्कुल डाउनलोड न करें। बैंक कभी भी आपसे फोन पर आपकी बेहद गोपनीय जानकारियां जैसे पासवर्ड, ओटीपी या कार्ड डिटेल्स नहीं मांगता। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें!