logo

जामताड़ा में बंद घर का ताला तोड़कर 90 हजार नकद और चांदी के जेवरात चोरी

जामताड़ा में बंद घर का ताला तोड़कर 90 हजार नकद और चांदी के जेवरात चोरी

जामताड़ा:
मिहिजाम थाना क्षेत्र के बादलीगढ़ मोहल्ले में एक बंद पड़े मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब 90 हजार रुपये नकद और चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के संबंध में पीड़िता मार्शनिका बास्की ने मिहिजाम थाने में लिखित आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

रिश्तेदार के घर गई थीं महिला, लौटने पर टूटा मिला ताला
पीड़िता द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, वह 23 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे अपने घर में ताला बंद कर दुमका स्थित एक रिश्तेदार के घर गई थीं। 26 सितंबर को जब वह वापस लौटीं, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर जाने पर देखा कि पलंग पर तकिए के नीचे बैग में रखे 90 हजार रुपये नकद गायब थे। इसके अलावा घर में रखे अन्य कीमती सामान और चांदी के आभूषण भी चोरी हो चुके थे।

जमीन विवाद में धमकी देने का लगाया आरोप

महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में महूलबना गांव निवासी डूंगरू बास्की, हबू बास्की, सुनील बास्की और छोटन मरांडी पर चोरी की वारदात में शामिल होने की आशंका जताई है। पीड़िता के अनुसार, जामताड़ा अनुमंडल न्यायालय में उक्त लोगों के साथ उनकी बंदोबस्ती जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि जमीन से बेदखल करने की नीयत से इन लोगों ने पूर्व में भी उन्हें धमकी दी थी।

पुलिस कर रही मामले की जांच
इस संबंध में मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि पीड़िता की ओर से चोरी की लिखित सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। साथ ही शिकायत में नामजद लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

Tags - Jamtara Mihijam Theft Case Jharkhand Crime Police Investigation