द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र में अपराध की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सहजपुर-सितकपुर रोड स्थित गेट-ग्रील दुकान के संचालक समसुल अंसारी से तीन अज्ञात बदमाशों ने रास्ते में मारपीट कर 65 हजार रुपये नकद और एंड्रॉयड मोबाइल फोन लूट लिया। पीड़ित की शिकायत पर करमाटांड़ थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। बागबेर पंचायत के कालाझरिया निवासी समसुल अंसारी के अनुसार, 8 सितंबर को उन्होंने दो ग्राहकों से पुराना बकाया और काम की मजदूरी के रूप में कुल 60 हजार रुपये वसूले थे। ईदगाह मोड़ निवासी अख्तर अंसारी से 20 हजार रुपये और रमजानी मोड़ निवासी मुस्तकीम अंसारी से काम के एवज में 40 हजार रुपये मिले थे। इसके अलावा उनके पास पहले से 5 हजार रुपये थे।

सुनसान कच्चे रास्ते पर बदमाशों ने छीने रुपये
कुल 65 हजार रुपये नकद और ओप्पो का एंड्रॉयड मोबाइल लेकर समसुल अंसारी शाम को अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान करमाटांड़ के बंड़पर से रेलवे लाइन के अंदर पुलिया होकर रेलवे कॉलोनी स्थित शांति निकेतन की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने डरा-धमकाकर उनकी पैंट की एक जेब में रखे 40 हजार रुपये और दूसरी जेब से 25 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर बांस के झुरमुट के पास दो संदिग्ध मोटरसाइकिलें खड़ी थीं। इनमें से एक लाल रंग की अपाचे बाइक थी। इस जानकारी के आधार पर भी पुलिस संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।

संदिग्ध बाइक के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद करमाटांड़ थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के संभावित रास्तों के साथ संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन तेज कर दी है। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों और संदिग्ध मोटरसाइकिलों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।