logo

जामताड़ा : सदर अस्पताल मुख्य गेट के पास मिला 40 वर्षीय व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp_Image_2026-06-27_at_3_12_39_PM.png

जामताड़ा 
सदर अस्पताल के मुख्य गेट के पास आज दोपहर करीब 2:00 बजे एक 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह शव अस्पताल के गेट के सामने स्थित एक चाय दुकान की चौकी पर पड़ा हुआ था। घटना की जानकारी तब हुई जब झारखंड मुक्ति मोर्चा के युवा नेता रिजवान शेख किसी काम से अस्पताल आए थे। उनकी नजर चौकी पर अचेत पड़े व्यक्ति पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत अस्पताल प्रबंधन को इसकी सूचना दी।
अस्पताल लाते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
​झामुमो युवा नेता और अस्पताल कर्मियों की मदद से आनन-फानन में व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल के भीतर ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। यह भी साफ नहीं है कि व्यक्ति अस्पताल के गेट तक कब और किन परिस्थितियों में पहुंचा था। अस्पताल प्रबंधन द्वारा घटना की जानकारी जामताड़ा थाना को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच और शव की शिनाख्त के प्रयासों में जुट गई है।

Tags - Jamtara Jharkhand Sadar Hospital Police Investigation Breaking News