logo

जामताड़ा : स्कूल से लौट रहे 8 वर्षीय छात्र को डंपर ने कुचला, मौके पर ही मौत

WhatsApp_Image_2026-07-15_at_4_16_58_PM.jpeg

जामताड़ा 
फतेहपुर प्रखंड में बुधवार को स्कूल से घर लौट रहे पहली कक्षा के 8 वर्षीय मासूम छात्र को कोयला लदे तेज रफ्तार डंपर ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा फतेहपुर प्रखंड के बिंदापाथर थाना क्षेत्र अंतर्गत धसनिया मोड़ के समीप हुआ। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और डंपर चालक व मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं, व्यस्त सड़क के किनारे मासूम बच्चे को अकेला उतारकर चले जाने वाले ऑटो चालक की लापरवाही भी गंभीर सवालों के घेरे में आ गई है। 
कैसे हुआ हादसा?
​मिली जानकारी के अनुसार, प्रतिदिन की तरह बुधवार को भी निलेश स्कूल गया था। दोपहर करीब 12:00 बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह ऑटो से वापस लौट रहा था। ऑटो चालक ने उसे धसनिया मोड़ के समीप सड़क किनारे उतार दिया और वहां से चला गया। जैसे ही मासूम निलेश सड़क पार करने लगा, तभी चित्रा कोलियरी से कोयला लादकर जामताड़ा साइडिंग की ओर जा रहे तेज रफ्तार डंपर संख्या: JH-08B-9888 ने उसे बेरहमी से कुचल दिया। 
​मामा घर रहकर पढ़ाई करता था मासूम
​मृतक बच्चे की पहचान हरनादह गांव निवासी लालटु यादव के 8 वर्षीय पुत्र निलेश यादव के रूप में हुई है। निलेश धसनिया स्थित अपने मामा के घर पर रहकर पढ़ाई करता था। वह जामताड़ा के दक्षिण बहाल स्थित एस.आर. पब्लिक स्कूल में पहली कक्षा (Class 1) का छात्र था।
​ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, लगाया जाम
​दुर्घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों की मांग है कि दोषी डंपर मालिक और चालक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। सड़क जाम होने के कारण गोविंदपुर साहिबगंज हाईवे मुख  मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर को जब्त कर लिया। पुलिस फिलहाल ग्रामीणों को समझाने-बुझाने और जाम हटाने के प्रयास में जुटी है। 
​ऑटो चालक की लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल
इस घटना ने स्कूल प्रशासन और ऑटो चालकों की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर एक 8 साल के छोटे बच्चे को कोई भी ऑटो चालक व्यस्त सड़क के किनारे इस तरह अकेले कैसे छोड़ सकता है? क्या बच्चों की सुरक्षा के प्रति इतनी बड़ी लापरवाही का सिलसिला यूं ही चलता रहेगा?

Tags - Jamtara Jharkhand Road Accident Dumper Accident Student Death