द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले में अवैध खनन और तस्करी पर रोक लगाने के लिए खनन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को खनन विभाग की टीम ने नारायणपुर और जामताड़ा थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान नारायणपुर थाना क्षेत्र के पांडेडीह मोड़ के समीप चार मोटरसाइकिलों पर ले जाए जा रहे अवैध कोयले को जब्त कर लिया गया। इस संयुक्त कार्रवाई में खनन विभाग के साथ नारायणपुर थाना की पुलिस भी शामिल रही। टीम ने कुल 32 क्विंटल अवैध कोयला जब्त कर नारायणपुर थाना में आवेदन सौंप दिया। हालांकि खनन विभाग की टीम को देखते ही कोयला ले जा रहे माफिया मौके से भाग निकले।
वहीं जामताड़ा थाना क्षेत्र में भी एक ट्रैक्टर अवैध बालू जब्त किया गया। माइनिंग इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार ने बताया कि अवैध खनन के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और कोयला तथा बालू की तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि कांड संख्या 25/26 दर्ज कर ली गई है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
.jpeg)