जमशेदपुर:
जमशेदपुर के बिरसानगर में मंगलवार सुबह गोलमुरी के नामदाबस्ती निवासी 32 वर्षीय प्रकाश सिंह पर कुछ अज्ञात युवकों ने रॉड और डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस हिंसक घटना में प्रकाश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना के बाद परिजन घायल को लेकर एमजीएम अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने सिर पर गहरी चोट लगने और अत्यधिक खून बहने के कारण प्राथमिक उपचार कर उन्हें टीएमएच रेफर किया दिया।

ससुराल पहुंचे युवक को अचानक घेरकर किया हमला
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, प्रकाश सिंह मंगलवार सुबह किसी काम से अपने ससुराल बिरसानगर गये थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने उन्हें अचानक घेर लिया और लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से उन पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। इस हमले में प्रकाश के सिर पर गंभीर चोटें आयी हैं, जिससे मौके पर ही उनका काफी खून बह गया। घटना के तुरंत बाद घबराए परिजन और स्थानीय लोग लहूलुहान अवस्था में प्रकाश को आनन-फानन में इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे थे। वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत टाटा मेन हॉस्पिटल रेफर कर दिया। हालांकि, ससुराल पहुंचे गोलमुरी के युवक पर हुए इस जानलेवा हमले के पीछे की असल वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों की ओर से भी अभी तक किसी पुरानी रंजिश या विवाद का जिक्र नहीं किया गया है।
.jpeg)
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
इधर, मामले की सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना पुलिस ने अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचकर अपनी छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि जल्द से जल्द हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और घायल के बयान दर्ज होने के बाद ही हमले के स्पष्ट कारणों का पता चल सकेगा।