द फॉलोअप टीम
जमशेदपुर की जनता को नया बाईपास मिलेगा। हेमंत सरकार नए बाईपास की योजना बना रही है। जल्द ही अधिकारियों के साथ मिलकर जमशेदपुर से सरायकेला- खरसावां को जोड़ते हुए एक बाईपास की बड़ी परियोजना तैयार करने का काम किया जाएगा। यह घोषणा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की। वे सोमवार को गोपाल मैदान, बिष्टुपुर, जमशेदपुर में "आपकी योजना -आपकी सरकार -आपके द्वार" कार्यक्रम में पहुंचे थे। जिसमें उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की बात कही। कहा, गांवों में बुजुर्गों की पुरानी और पारंपरिक व्यवस्था को फिर से विकसित करना है। हर घर में पशुधन उपलब्ध होता था। पशुपालन से घर में ही दूध, दही, मुर्गा, मीट अंडा प्राप्त हो जाएगा। इससे खासकर महिलाओं और बच्चों में कुपोषण की समस्या को दूर कर सकेंगे।

500 बेड का बनेगा नया अस्पताल भवन
मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी मेमोरियल कॉलेज एवं अस्पताल (एमजीएम) परिसर में 500 बेड की क्षमता वाले नए अस्पताल भवन की आधारशिला रखी। इसके निर्माण पर 4 अरब 18 करोड़ 34 लाख 91 हजार रुपए की लागत आएगी। इस अस्पताल के चालू होने से जमशेदपुर सहित आसपास के इलाकों के मरीजों को बेहतर इलाज और जांच की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने सोमवार को मानगो पुल-सह-फ्लाईओवर का भी शिलान्यास किया। कुल 474.78 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस फ्लाईओवर की लंबाई 4.02 किलोमीटर है।

सरकार से राशन लेने की नहीं पड़े आवश्यकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों को लाभान्वित कराया जा रहा है। ताकि, वे इतने सशक्त, आत्मनिर्भर और स्वावलंबी हो जाएं कि सरकार द्वारा मिलने वाले अनुदानित राशन लेने की आवश्यकता न पड़े। राज्य के बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके, इसके लिए सरकार योजनाएं तैयार कर रहीं है। आगामी 15 नवंबर को (झारखंड स्थापना दिवस) के दिन राष्ट्रपति इन योजनाओं का शुभारंभ करेंगी।

2320.72077 करोड़ की योजनाओं का हुआ उद्घाटन-शिलान्यास
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा कुल 2320.72077 करोड़ रुपए की लागत से 230 योजनाओं का उद्घाटन- शिलान्यास किया। जिसमें 282.451 करोड़ रुपये की लागत से कुल 158 योजनाओं का शिलान्यास व कुल 38.269 करोड़ रुपये की लागत से 72 का उद्घाटन किया गया। 1,63,375 लाभुकों के बीच कुल 245.2773 करोड़ रुपए की राशि का वितरण किया गया। मौके पर संसदीय कार्य, ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री आलमगीर आलम, मंत्री श्रम रोजगार प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग सत्यानंद भोक्ता, मंत्री आदिवासी कल्याण चम्पाई सोरेन, मंत्री स्वास्थ्य विभाग बन्ना गुप्ता, विधायक घाटशिला रामदास सोरेन, विधायक जुगसलाई मंगल कालिंदी, विधायक बहरागोड़ा समीर कुमार मोहंती, विधायक पोटका संजीव सरदार, 20 सूत्री उपाध्यक्ष मोहन कर्मकार, जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, सचिव हिमानी पांडे, सचिव सुनील कुमार, पुलिस उप-महानिरीक्षक कोल्हान प्रमंडल अजय लिंडा, डीसी पूर्वी सिंहभूम विजया जाधव और पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।