जमशेदपुर:
Jamsedpur News: साकची स्थित सब्जी मंडी के गुप्ता लॉज में कथित तौर पर देह व्यापार (Sex Racket) संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने लॉज में छापेमारी कर संचालक मानिक साह और सह-संचालक नारायण तंतुबाई को गिरफ्तार (Arrest) किया। दोनों से पूछताछ के बाद सोमवार को जेल भेज दिया गया।

लॉज में बाहर से महिलाओं को बुलाने का आरोप
गिरफ्तार मानिक साह मानगो के कालिकानगर का निवासी है, जबकि नारायण तंतुबाई सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र का रहने वाला है। मामले में साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव के बयान पर दोनों आरोपियों के अलावा बर्मामाइंस के कैरेज कॉलोनी निवासी कंचन कुमारी के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, गुप्ता लॉज में बाहर से महिलाओं और युवतियों को बुलाकर कथित तौर पर देह व्यापार कराया जा रहा था। लॉज में संदिग्ध गतिविधियों के साथ अपराधियों के जुटने की भी सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने लॉज में छापेमारी की।
.jpeg)
कमरों से कपड़े, बीयर की बोतल और मोबाइल बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने लॉज के कमरों की तलाशी ली। इस दौरान महिलाओं के कपड़े, बीयर की बोतलें, सिगरेट, मोबाइल फोन, माचिस समेत अन्य सामान बरामद किए गए। पुलिस ने लॉज में रखे एंट्री रजिस्टर की भी जांच की। रजिस्टर में लॉज में आने-जाने वाले लोगों का पूरा ब्योरा दर्ज नहीं पाया गया। कई प्रविष्टियां अधूरी मिलीं।
अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि लॉज में कथित अनैतिक कारोबार कब से चल रहा था और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका थी। लॉज में आने-जाने वाले लोगों की पहचान के साथ अन्य संदिग्धों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।