logo

जमशेदपुर में अब और मजबूत होगी पुलिस पेट्रोलिंग, SSP ने 40 नए वाहनों को दिखाई हरी झंडी

jam_police_car.jpg

जमशेदपुर

जमशेदपुर में पुलिस की पेट्रोलिंग व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में झारखंड सरकार ने बड़ी पहल करते हुए 40 नये चार पहिया पेट्रोलिंग वाहन उपलब्ध कराये हैं। सभी 40 महिंद्रा बोलेरो वाहनों को मंगलवार को गोलमुरी स्थित पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड से पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारीब ने हरी झंडी दिखाकर विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया। इन वाहनों का इस्तेमाल जिले भर में प्रभावी गश्ती, त्वरित पुलिसिंग और आम लोगों तक पुलिस की पहुंच बढ़ाने में किया जायेगा। इस मौके पर एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारीब ने कहा कि नये वाहनों के मिलने से जमशेदपुर पुलिस की पेट्रोलिंग व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। पुलिस को गश्ती के माध्यम से आम जनता तक पहुंचने और जरूरत के समय त्वरित कार्रवाई करने में सहूलियत होगी। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार जताया।

आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित पहुंच

उन्होंने कहा कि पुलिस का मूल कर्तव्य आम जनता की सेवा और सुरक्षा है और आधुनिक संसाधनों की उपलब्धता इस जिम्मेदारी को और बेहतर तरीके से निभाने में मदद करेगी।  एसएसपी ने बताया कि सभी 40 पेट्रोलिंग वाहनों को शहर के विभिन्न थानों के साथ-साथ कंट्रोल रूम (CCR) में जरूरत के अनुसार वितरित किया जायेगा। इससे शहर के अलग-अलग इलाकों में नियमित गश्ती के साथ आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी राज्य सरकार की ओर से जमशेदपुर पुलिस को 51 चार पहिया और 89 दो पहिया वाहन उपलब्ध कराये जा चुके हैं। इन वाहनों के माध्यम से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। अब इसमें 40 नये चार पहिया वाहनों के जुड़ने से पुलिस की गश्ती व्यवस्था और अधिक प्रभावी होने की उम्मीद है। गौरतलब है कि राज्य सरकार द्वारा पुलिस आधुनिकीकरण और प्रभावी पुलिसिंग के तहत संसाधनों को मजबूत करने के क्रम में यह दूसरा चरण शुरू किया गया है। कार्यक्रम में ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल, कई डीएसपी और विभिन्न थानों के प्रभारी मौजूद थे।

Tags - Jamshedpur Police Police Patrolling Jharkhand Government Police Vehicles