द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के साकची में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी द्वारा जमशेदपुर हाट-पलाश मार्ट का विधिवत शुभारंभ किया गया। जमशेदपुर हाट के माध्यम से स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों एवं उद्यमियों को अपने विशिष्ट एवं पारंपरिक उत्पादों के प्रदर्शन तथा बिक्री के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध होगा। जिला प्रशासन की पहल पर जमशेदपुर के प्रमुख वाणिज्यक क्षेत्र में बड़े शोरूम की तर्ज पर दो मंजिला ‘जमशेदपुर हाट-पलाश मार्ट’ का निर्माण कराया गया है। इस अवसर पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि जमशेदपुर हाट-पलाश मार्ट के माध्यम से स्थानीय स्तर पर निर्मित उत्पादों को बाजार उपलब्ध होगा। स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों एवं उद्यमियों अपने विशिष्ट एवं पारंपरिक उत्पादों के प्रदर्शन तथा बिक्री कर सकेंगे तथा सीधे ग्राहकों से जुड़ सकेंगे। जिससे कारीगरों एवं छोटे उद्यमियों की आय में वृद्धि होगी। साथ हीं स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन और उद्यमिता विकास को बल मिलेगा तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के द्वारा जीवेदोक अभियान के तहत महिलाओं एवं उद्यमियों को एक ही स्थान पर अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर प्रदान किया जा रहा है, जिससे स्वरोजगार एवं व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में सकारात्मक पहल सुनिश्चित होगी।
इस दौरान गुमला जिला के महिला विकास मंडल बघिमा, पालकोट की दीदीयों के द्वारा सखी मंडलों से जुड़कर स्वरोजगार एवं व्यवसाय करने तथा आत्मनिर्भरता की कहानी बयां की। जमशेदपुर हाट के भु-तल में पलाश मार्ट तथा सेरांग एवं प्रथम तल में दीदी कैफे संचालित किया गया है। पलाश मार्ट में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित हैंडीक्राफ्ट, पाईटकर पेंटिंग, सेनेट्री आईटम, प्रसंस्कृत व मुल्य सवर्धित खाद्य सामग्रियां तेल, मधु आदि उपलब्ध होंगी। सेरांग में बोड़ाम के अंधारझोर में निर्मित तबला, मांदर, ढ़ोलक, नगाड़ा, डमरू आदि वाद्य यंत्र की प्रदर्शन और बिक्री की जायेगी। जबकि प्रथम तल में दीदी कैफे में स्थानीय पारंपरिक व्यंजनों का लुत्फ ले सकेंगे। दीदी कैफे में स्टींम व पौष्टिक व्यंजन को बढ़ावा दिया जायेगा। इस दौरान उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्णव मिश्रा, उप नगर आयुक्त जेएनएसी कृष्णा कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय, डीपीएम जेएसएलपीएस सुजीत बारी उपस्थित थे।
