रांची/जमशेदपुर
भारतीय मूल के समीर पांडे के ऑस्ट्रेलिया में पहली बार लॉर्ड मेयर बनने पर जमशेदपुर में उत्साह का माहौल रहा। भाजपा नेता अभय सिंह के आवासीय कार्यालय में समर्थकों ने समीर पांडे को फूल-मालाओं से लादकर भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत आराध्य देवी माता दुर्गा के मंदिर में पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुई।
पूजा के बाद अभय सिंह ने अपने आवासीय कार्यालय में भारतीय परंपरा और संस्कृति के अनुरूप शॉल ओढ़ाकर समीर पांडे को सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए अभय सिंह ने कहा कि यह जमशेदपुर और पूरे देश के लिए गर्व का विषय है कि जमशेदपुर में जन्मा एक व्यक्ति ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित पैरामाटा का लॉर्ड मेयर बना है। इससे पहले किसी भारतीय मूल के व्यक्ति ने यह उपलब्धि हासिल नहीं की थी।

अभय सिंह ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री ने मंच से इस उपलब्धि की जानकारी दी थी, जिसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने स्वयं समीर पांडे से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और इसे भारत के लिए गर्व का क्षण बताया।
समीर पांडे ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज ऑस्ट्रेलिया में भारतीयों को जो सम्मान मिल रहा है, उसका बड़ा श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। उन्होंने कहा कि मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद ऑस्ट्रेलिया का भारत और भारतीयों के प्रति नजरिया बदला है। समीर पांडे ने कहा कि वह जमशेदपुर को बहुत मिस करते हैं और इस सम्मान के लिए अभय सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने अभय सिंह को ऑस्ट्रेलिया आने का निमंत्रण भी दिया।
