logo

जमशेदपुर में दफ्तरों के चक्करों से मिलेगी राहत, 'अबुआ मित्र' चैटबॉट पर दर्ज कराएं शिकायत

जमशेदपुर में दफ्तरों के चक्करों से मिलेगी राहत, 'अबुआ मित्र' चैटबॉट पर दर्ज कराएं शिकायत

जमशेदपुर: 
जमशेदपुर जिला प्रशासन से अपनी समस्या बताने के लिए अब लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने मंगलवार को ‘अबुआ मित्र’ वाट्सअप चैटबॉट सेवा शुरू की है। इसके जरिए नागरिक घर बैठे वाट्सअप पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायत मिलने के बाद उसे संबंधित विभाग या अधिकारी तक भेजा जायेगा और शिकायतकर्ता को उसके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर SMS के माध्यम से कार्रवाई की स्थिति की जानकारी भी मिलती रहेगी।

वाट्सअप पर घर बैठे दर्ज करा सकेंगे शिकायत
जिले के उपायुक्त राजीव रंजन ने मंगलवार को समाहरणालय सभागार में इस सुविधा का शुभारंभ किया। नागरिक 8580090001 वाट्सअप नंबर पर संदेश भेजकर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर सकेंगे। इसके अलावा QR कोड स्कैन कर भी ‘अबुआ मित्र’ तक पहुंचा जा सकेगा। शिकायत दर्ज करते समय नागरिक अपनी सुविधानुसार भाषा का चयन कर सकेंगे। समस्या से संबंधित आवश्यक जानकारी देने के साथ जरूरत पड़ने पर दस्तावेज भी वाट्सअप के माध्यम से भेजे जा सकेंगे। यानी शिकायत दर्ज कराने के लिए अलग से आवेदन लेकर कार्यालय पहुंचने की अनिवार्यता नहीं होगी।

शिकायत सीधे संबंधित विभाग तक पहुंचेगी
वाट्सअप के जरिए प्राप्त शिकायतों को जिला प्रशासन के जन सहायता पोर्टल jansahayatajsr.in पर दर्ज किया जायेगा। शिकायत की प्रकृति के आधार पर उसे संबंधित विभाग, कार्यालय या सक्षम अधिकारी के पास कार्रवाई के लिए भेजा जायेगा। इसके बाद शिकायत के अनुश्रवण और फॉलोअप की प्रक्रिया भी पोर्टल के माध्यम से की जायेगी। इस व्यवस्था की खास बात यह होगी कि शिकायत दर्ज कराने के बाद नागरिक उसकी स्थिति से भी अवगत हो सकेंगे। पंजीकृत मोबाइल नंबर पर SMS के जरिए शिकायत की प्रगति की जानकारी दी जायेगी। इससे शिकायतकर्ता को यह जानने के लिए दोबारा कार्यालय पहुंचने की जरूरत नहीं होगी कि उसकी शिकायत पर क्या कार्रवाई हुई।

ग्रामीण और दूर-दराज के लोगों को ज्यादा फायदा
प्रशासन का मानना है कि वाट्सअप आधारित यह सुविधा खासकर ग्रामीण और दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए उपयोगी होगी। मोबाइल फोन से ही शिकायत दर्ज होने और उसकी स्थिति की जानकारी मिलने से समय और आने-जाने का खर्च बच सकता है। साथ ही शिकायतों को पोर्टल पर दर्ज कर संबंधित विभाग तक भेजे जाने से उनके निपटारे की निगरानी भी की जा सकेगी। उपायुक्त राजीव रंजन ने नागरिकों से ‘अबुआ मित्र’ का इस्तेमाल कर अपनी समस्याएं जिला प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की। मौके पर उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा और अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी मौजूद थे।

Tags - Sahibganj News Borio News Power Cut Transformer Replacement Jharkhand Electricity