द फॉलोअप, जमशेदपुर:
जमशेदपुर के बिरसानगर जोन नंबर-7 से एबीएम कॉलेज की 23 वर्षीय छात्रा अंजलि लोहार मंगलवार सुबह घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटी हैं। परिजनों के अनुसार, सोमवार को उसकी मां ने बिना बताये अपने मामा से रुपये लेने को लेकर उसे डांटा था। घर से निकलने से पहले वह अपने पिता को पानी देकर गयी थी। कुछ देर बाद परिजनों को उसके घर में नहीं होने की जानकारी मिली तो आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश शुरू की गयी। कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने गोलमुरी थाना में उसके लापता होने की सूचना दी। जिसके बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों के अनुसार, अंजलि ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रही है और बैंकिंग की तैयारी भी कर रही थी।

अपने मामा से 24 हजार रुपये लिए थे
करीब दो महीने पहले उसने बैंकिंग की पढ़ाई के लिए अपने मामा से 24 हजार रुपये लिए थे। उसने इस संबंध में परिवार को जानकारी नहीं दी थी। दो दिन पहले जब परिजनों को रुपये लेने की बात पता चली तो उन्होंने अंजलि से इस बारे में पूछताछ की थी। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को उसकी मां ने बिना बताये रुपये लेने को लेकर उसे डांटा था। इसके अगले दिन मंगलवार सुबह करीब पांच बजे अंजलि स्कूल बैग लेकर घर से निकल गयी। उस समय घर में उसके माता-पिता मौजूद थे। उसने पहले अपने पिता को पानी दिया। पिता के बाथरूम जाने के दौरान वह घर से बाहर निकल गयी। कुछ देर बाद परिजनों को उसके घर में नहीं होने का पता चला।
.jpeg)
माता-पिता का भरोसा तोड़ने और खुद को अच्छी बेटी नहीं होने की बात लिखी
दूसरी ओर घर में अंजलि का एक नोट भी मिला है। इसमें उसने माता-पिता का भरोसा तोड़ने और खुद को अच्छी बेटी नहीं होने की बात लिखी है। नोट मिलने के बाद परिजन उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। हालांकि, घर से निकलने के बाद वह कहां गयी, इस संबंध में परिजनों को कोई जानकारी नहीं है। पुलिस छात्रा के मोबाइल और उसके घर से निकलने के बाद संभावित रास्तों समेत अन्य बिंदुओं की जांच कर रही है। परिजनों के मुताबिक, घर से निकलते समय अंजलि ने बैंगनी रंग का सलवार-सूट पहन रखा था। उसके पास नीले रंग का स्कूल बैग था, जिसमें जरूरी दस्तावेज थे। उसका रंग गोरा है। परिजनों ने लोगों से अपील की है कि अंजलि के संबंध में किसी तरह की जानकारी मिलने पर तत्काल गोलमुरी थाना अथवा उसके परिजनों को सूचना दें। सूचना मोबाइल नंबर 6204931132, 7717768176 और 912260407 पर दी जा सकती है।