logo

जल जीवन मिशन को रफ्तार देने की तैयारी, विभागीय समिट से पहले SWSM कार्यकारिणी की बैठक में बनी रणनीति

assam0027.jpg

रांची:

जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रस्तावित विभागीय समिट की तैयारियों को लेकर राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन (SWSM) की कार्यकारिणी की बैठक गुरुवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विभागीय सचिव अबु इमरान ने की। बैठक में जल जीवन मिशन के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रमुख एजेंडों में जल संरचना परियोजनाओं का समय पर क्रियान्वयन, कैच द रेन अभियान, पेयजल स्रोतों की स्थिरता तथा ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव जैसे विषय शामिल रहे।

ग्रामीण इलाकों में जलस्त्रोतों की दीर्घकालिक उपलब्धता

बैठक में विशेष रूप से पेयजल स्रोतों की स्थिरता (Source Sustainability) और ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव (Operation & Maintenance) पर गहन विचार-विमर्श किया गया। इन विषयों के सफल क्रियान्वयन के लिए विभिन्न विभागों की भूमिका और जिम्मेदारियों को स्पष्ट करते हुए आपसी समन्वय को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में जल स्रोतों की दीर्घकालिक उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा जलापूर्ति योजनाओं के सतत संचालन के लिए ठोस रणनीति तैयार करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

ये निर्णय लिये गये 
बैठक में पंचायती राज विभाग, जल संसाधन विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसके अलावा यूनिसेफ (UNICEF) के WASH विशेषज्ञ भी बैठक में उपस्थित रहे।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि विभागीय समिट के माध्यम से जल जीवन मिशन के लक्ष्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर ग्रामीण क्षेत्रों में ‘हर घर नल से जल’ की उपलब्धता को स्थायी और गुणवत्तापूर्ण बनाया जाएगा। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से अभियंता प्रमुख, मुख्य अभियंता, PMU के पदाधिकारी, मुख्य अभियंता (CDO), उप निदेशक-1, राज्य समन्वयक सहित अन्य अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/HH6GR1oBwB77Vy5eBcnoFo

Tags - Jal Jeevan Mission SWSM Meeting Rural Water Supply Source Sustainability Jharkhand Government