logo

पुलिस एसोसिएशन के अल्टीमेटम पर भड़के जयराम महतो, LIVE आकर दिया जवाब, क्या-क्या कहा पढ़िए

JAIRAM4.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:
पुलिस एसोसिएशन की ओर से गिरफ्तारी के अल्टीमेटम के बाद डुमरी विधायक जयराम महतो ने फेसबुक पर LIVE आकर जवाब दिया है। उन्होंने पुलिस एसोसिएशन के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर किसी विधायक से गलती हुई है तो पुलिस को कानून के तहत कार्रवाई करनी चाहिए और कोर्ट जाना चाहिए। जयराम महतो ने कहा कि वह विधानसभा के सदस्य हैं और जनता के चुने हुए प्रतिनिधि हैं। उन्होंने कहा, हम जनता के प्रतिनिधि हैं। आपका अधिकार है तो हमारा भी अधिकार है। संविधान में जनता के प्रतिनिधियों की भी भूमिका है।

LIVE में पुलिस की कार्यशैली पर भी उठाए सवाल

विधायक जयराम महतो ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए है। उन्होंने कहा कि पुलिस को अपनी सीमा और अधिकार का ध्यान रखना चाहिए। साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों से जुड़े कुछ पुराने मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस को पहले अपने मामलों पर भी ध्यान देना चाहिए। जयराम महतो ने कहा कि अगर उनके खिलाफ कोई शिकायत या आरोप है तो संबंधित पक्ष कोर्ट जा सकता है। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और किसी भी मामले में कार्रवाई कानून के अनुसार ही होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस एसोसिएशन को लेकर कहा कि किसी भी दबाव या अल्टीमेटम के बजाय मामले को कानून के रास्ते से आगे बढ़ाना चाहिए।

क्या है पूरा मामला?

विधायक जयराम महतो पर आरोप है कि उन्होंने बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ कथित तौर पर फोन पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया और धमकी दी थी। आरोप है कि इसके बाद देर रात वह अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचे और थाना प्रभारी के कार्यालय में अभद्र व्यवहार किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि कार्यालय की मेज पर रखी वस्तुओं को अस्त-व्यस्त किया गया तथा कुछ सामान को नुकसान पहुंचाया गया। इसपर पुलिस एसोसिएशन ने रांची में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विधायक जयराम महतो पर 5 दिनों के अंदर कार्रवाई की मांग की थी।


 

Tags - Jairam MahatoBarwadda Police StationJharkhand PoliticsFIRDhanbad