द फॉलोअप डेस्क
डुमरी विधायक जयराम महतो ने पुलिस एसोसिएशन के साथ चल रहे विवाद के बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जारी कर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने लिखा कि जो पुलिसकर्मी और अधिकारी ईमानदार हैं, उन्हें उनका नमस्कार है, चाहे वह चपरासी, सिपाही, अधिकारी या जमादार हों। वहीं भ्रष्टाचार में शामिल लोगों के खिलाफ आर-पार की लड़ाई की बात कही। जयराम महतो ने पुलिस एसोसिएशन की ओर से की जा रही प्रेस कॉन्फ्रेंस पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कम से कम ऐसे विधायक के खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस की जा रही है, जो अपनी विधायकी दांव पर लेकर चलता है, इसलिए मीडिया के सामने बैठने वाले पदाधिकारियों की छवि भी साफ-सुथरी होनी चाहिए।

बोकारो के अधिकारियों को लेकर गंभीर आरोप
जयराम महतो ने अपने पोस्ट में दावा किया कि बोकारो जिले में जिन अधिकारियों को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बैठाया गया, उनमें से कुछ के अकाउंट सीआईडी ने ट्रेजरी घोटाले के मामले में फ्रीज किए हैं। उन्होंने अलग-अलग अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एक अधिकारी ने अपने बेटे की शादी के दौरान एक महिला की हत्या की, जबकि एक अन्य पर बालीडीह में आदिवासी की जमीन हड़पने का आरोप लगाया। उन्होंने एक अधिकारी पर रेलवे के एक पदाधिकारी की पत्नी को जबरन अपना बनाने का भी आरोप लगाया। इसके अलावा एक अधिकारी पर दो किलो मांस को लेकर खून-खराबा करने का आरोप लगाया। हालांकि, जयराम महतो की ओर से सोशल मीडिया पोस्ट में लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने जमशेदपुर से जुड़े एक अन्य मामले का भी जिक्र किया और कहा कि यदि वह मामला सार्वजनिक हुआ तो पुलिस एसोसिएशन के सामने स्थिति गंभीर हो सकती है। इस संदर्भ में उन्होंने POCSO एक्ट और नार्को टेस्ट का भी उल्लेख किया।

पुलिस आंदोलन की चेतावनी के बीच जयराम ने कहा- डेटा इकट्ठा कर रहे हैं
दरअसल, जयराम महतो का एक कथित गाली वाला ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उनके और पुलिस एसोसिएशन के बीच विवाद गहरा गया है। पुलिस एसोसिएशन ने जयराम महतो की गिरफ्तारी की मांग करते हुए अल्टीमेटम दिया है और कहा है कि गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस आंदोलन का रास्ता अपना सकती है। इसी विवाद के बीच जयराम महतो ने पुलिस एसोसिएशन को जवाब देते हुए लिखा कि आप प्रेस कॉन्फ्रेंस करते रहिए, हम डेटा इकट्ठा कर रहे हैं। उन्होंने अपने लाइव या प्रेस कॉन्फ्रेंस का इंतजार करने की बात कही। पोस्ट के अंत में उन्होंने कर्तव्यनिष्ठ और निष्ठावान कर्मचारियों-अधिकारियों को नमस्कार और जोहार कहा।