द फॉलोअप डेस्क
डुमरी विधायक जयराम महतो मंगलवार को वर्ष 2023 में आयोजित एक जनसभा से जुड़े मामले में पेशी देने गिरिडीह कोर्ट पहुंचे। इस मामले में विधायक समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। कोर्ट परिसर में उनके पहुंचते ही समर्थकों और आम लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ सेल्फी लेने की होड़ मच गई, जिससे कुछ देर तक कोर्ट परिसर में उत्साह का माहौल बना रहा। विधायक जयराम महतो की ओर से अधिवक्ता मोहम्मद आबिद अंसारी ने अदालत में पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में बनियाडीह प्ले ग्राउंड में आयोजित जनसभा के लिए प्रशासन से पूर्व में विधिवत अनुमति ली गई थी। इसके बावजूद बाद में बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के विधायक समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।

अदालत से न्याय मिलने की जताई उम्मीद
अधिवक्ता मोहम्मद आबिद अंसारी ने कहा कि मामले की विधिसम्मत पैरवी अदालत में की जा रही है और उन्हें न्यायालय से न्याय मिलने की पूरी उम्मीद है। उन्होंने कहा कि अदालत में सभी तथ्यों को रखा जाएगा। मामले की अगली सुनवाई अब निर्धारित तिथि पर होगी।