रांची
झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने डुमरी विधायक सह जेएलकेएम मुखिया जयराम कुमार महतो पर धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी से अभद्र भाषा में बात करने, गाली-गलौज करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। एसोसिएशन ने इस मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र भेजकर वर्तमान संवेदनशील परिस्थिति और पुलिसकर्मियों में उत्पन्न आक्रोश से अवगत कराने के लिए प्रतिनिधिमंडल को मुलाकात का समय देने का अनुरोध किया है। एसोसिएशन के पत्र के अनुसार, 21 अगस्त की रात विधायक जयराम महतो ने अपने मोबाइल नंबर से वाट्सऐप कॉल के माध्यम से बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार से कथित तौर पर गाली-गलौज और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। पत्र में आरोप लगाया गया है कि बातचीत के दौरान उन्हें धमकी दी गई कि सरकार बदलने के बाद झारखंड के जिस थाने में रहेंगे, उन्हें खोजकर उनकी नौकरी बर्बाद कर दी जाएगी।

समर्थकों के साथ थाना पहुंचने का भी आरोप
पुलिस एसोसिएशन के पत्र में आरोप लगाया गया है कि वाट्सऐप कॉल के बाद उसी रात जयराम महतो अपने समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाना पहुंचे। वहां थाना प्रभारी के कार्यालय कक्ष में उनके साथ दोबारा अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने तथा टेबल पर रखे सामानों को तितर-बितर करने और नाम पट्टिका तोड़े जाने की बात कही गई है। एसोसिएशन का कहना है कि इस घटना से धनबाद जिला ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य के पुलिस पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों में आक्रोश है। थाना प्रभारी रवि कुमार ने भी महासंघ को पत्र भेजकर विधायक और उनके समर्थकों के कथित अमानवीय व्यवहार के खिलाफ अपने स्तर से ठोस कदम उठाने का अनुरोध किया है।
माफी नहीं तो काला बिल्ला, ड्यूटी बहिष्कार की चेतावनी
पत्र में कहा गया है कि यदि विधायक जयराम महतो द्वारा घटना को लेकर माफी नहीं मांगी जाती है, तो झारखंड पुलिस एसोसिएशन की धनबाद शाखा ने काला बिल्ला लगाकर विरोध जताने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही महासंघ के आदेश की प्रतीक्षा में पुलिसकर्मियों के अनिश्चितकालीन रूप से अपने कर्तव्य पर नहीं लौटने की बात भी पत्र में कही गई है। एसोसिएशन ने यह भी आशंका जताई है कि थाना प्रभारी को ऑफ ड्यूटी रहने पर सबक सिखाने की कथित धमकी के बाद विधायक के समर्थकों की ओर से बरवाअड्डा थाना प्रभारी और वहां तैनात अन्य पुलिसकर्मियों के जान-माल को नुकसान पहुंचाया जा सकता है।

CM से तत्काल मुलाकात की मांग
झारखंड पुलिस एसोसिएशन के केंद्रीय कार्यालय की ओर से मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा गया है कि घटना के बाद सदस्यों में आक्रोश है और वर्तमान परिस्थिति संवेदनशील बनी हुई है। ऐसे में एसोसिएशन के महासंघ के शिष्टमंडल को मुख्यमंत्री से शीघ्र मुलाकात का समय देने का अनुरोध किया गया है, ताकि पुलिसकर्मियों की भावनाओं और उनकी सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को सरकार के सामने रखा जा सके।
हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें