द फॉलोअप डेस्क
जगन्नाथपुर रथ यात्रा और मेला को लेकर रांची जिला यातायात पुलिस अधीक्षक ने वाहनों के आवागमन का रुट निर्धारित कर दिया है। पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि इस बार 26 जून से 7 जुलाई तक रथ यात्रा सह मेला का आयोजन होना है। इसमें राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से भारी संख्या में लोग आते हैं। मेले के दौरान यातायात की व्यवस्था सुगम बनी रहे, इसके लिए वाहनों के परिचालन के लिए नया रुट निर्धारित किया गया है। पार्किंग के लिए स्थल तय कर दिए गए हैं।

किधर से जाएं, किधर से नहीं जाएं
-26 जून से 7 जुलाई तक धुर्वा गोल चक्कर से नया सराय रोड, जेसीए स्टेडियम रोड, पुराना विधानसभा रोड पर सुबह आठ बजे से रात 12 तक बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
-26 एवं 27 जून को सभी सामान्य वाहनों का धुर्वा गोल चक्कर से पुराना विधानसभा तथा प्रभात तारा मैदान से शालीमार बाजार चौक की ओर प्रवेश वर्जित रहेगा।
-तिरिल मोड़ से मौसीबाड़ी गोलचक्कर तक सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश वर्जित रहेंगे।
-शहीद मैदान से मौसीबाड़ी गोलचक्कर तक सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश वर्जित रहेंगे।
-प्रभात तारा तीन मुहानी से जगन्नाथपुर बाजार तक सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
-एचईसी, विधानसभा की ओर से आनेवाले वाहन शहीद मैदान से शालीमार बाजार, प्रभात तारा मैदान, जेएससीए स्टेडियम से दाहिने मुड़ कर तिरिल मोड़ होते हुए गंतव्य तक जाएंगे।
-रिंग रोड की तरह से आनेवाले वाहन जिन्हें शहर की ओर आना हो, तिरिल मोड़ से जेएससीए स्टेडियम, प्रभात तारा मैदान, शालीमार बाजार होते हुए शहर की ओर आएंगे।
-धुर्वा गोलचक्कर से वाहन प्रोजेक्ट भवन होते हुए चांदनी चौक हटिया, सिंहमोड़ से बिरसा चौक होते हुए शहर की ओर जाएंगे।
-धुर्वा से रिंग रोड जानेवाले वाहन प्रभात तारा मैदान नौर्थ गेट, तिरिल मोड़ होते हुए नया सराय से रिंग रोड की ओर जाएंगे।

कहां होगी पार्किंग
-तुपुदाना, हटिया, खूंटी, धुर्वा गोलचक्कर से आनेवाले वाहन धुर्वा गोलचक्कर के पश्चिम स्थित खाली मैदान में पार्क होंगे
-नया सराय, न्यू विधानसभा रोड से आनेवाले वाहन तिरिल मोड़ हैलीपैड मैदान में पार्क होंगे
-अरगोड़ा, बिरसा चौक की ओर से आनेवाले वाहन शहीद मैदान, विधानसभा मैदान में पार्क होंगे
-धुर्वा सेक्टर-1, 2 की ओर से आनेवाले वाहन मौसीबाड़ी गोलचक्कर के बगल में स्थित खाली मैदान में पार्क होंगे।
