रांची
रांची स्थित जगन्नाथ मंदिर के गार्ड की हत्या और चोरी मामले में पूर्व सीएम रघुवर दास ने सरकार को घेरा है। दास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, रांची स्थित जगन्नाथ मंदिर के गार्ड की हत्या ने एक बार फिर राज्य में ध्वस्त कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है। राजधानी के सुरक्षित क्षेत्रों में शामिल जगन्नाथ मंदिर भी आज असुरक्षित हो गया है। दास ने आगे कहा, राजधानी में दिन दहाड़े गोलीबारी की घटनाएं हो रही हैं। हर दिन सरकार को अपराधी चुनौती दे रहे हैं और सरकार पंगु बनकर बैठी है। राज्य सरकार ने झारखंड को फिर से अपराधियों के हाथ में सौंप दिया है। यह शर्मनाक, निंदनीय और भयावह है।

6 घंटे में पकड़ा गया आरोपी
हालांकि वारदात के 6 घंटे के भीतर रांची पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गार्ड की हत्या करने के बाद आरोपी ने दान पेटी से नकदी भी निकाल लिया था। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी खुद घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की मॉनिटरिंग कर रहे थे। इस केस को हत्या और लूट के एंगल से देखा जा रहा है। खबर लिखे जाने तक आरोपी से पूछताछ जारी है।
