logo

Ranchi : रांची हिंसा में मारे गए युवकों के परिजनों से मिला IUML का प्रतिनिधिमंडल, दी आर्थिक मदद

A221.jpg

डेस्क: 

इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग झारखंड प्रदेश कमिटी का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश महासचिव शानुल  हक के नेतृत्व में 10 जून को नूपुर शर्मा के कथित बयान के विरोध में निकाले गए प्रदर्शन के दौरान मारे गए मुदस्सिर और साहिल के परिवार से मिला।

पार्टी  के राष्ट्रीय सह सचिव मुहम्मद कोया ने दोनों के परिवारों को  25-25 हजार रुपये की सहायता राशि दी। मुहम्मद कोया ने दोनों के परिवार के लोगों से घटना की पूरी जानकारी ली और कहा कि इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग राष्ट्रीय कमिटी मुदस्सिर और साहिल को इंसाफ दिलाने के लिए संवैधानिक लड़ाई लड़ेगी।

किसके आदेश पर हुई थी फायरिंग! 
प्रदेश महासचिव शानुल हक ने कहा कि रांची प्रशासन की कार्रवाई संदेहास्पद है क्योंकि देश के कोने कोने में नूपुर शर्मा के कथित बयान का विरोध प्रदर्शन किया गया लेकिन कहीं गोली नहीं चली। इसके ठीक विपरीत रांची में प्रदर्शन के दौरान जिस तरह पुलिस प्रशासन का रवैया मुसलमानों के प्रति रहा वह निंदनीय है।

पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सह प्रदेश प्रवक्ता मोहम्मद शहाबुद्दीन ने सरकार के कार्यकलापों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान हेमंत सरकार को चाहिए कि सबसे पहले इस घटना की निष्पक्ष जांच कराए और जिस प्रशासनिक अधिकारी ने प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने का आर्डर दिया था उस पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करें।

मृतक के परिजनों को मुआवजा मिले! 
मृतक के परिवारों को उचित मुआवजा व सरकारी नौकरी जल्द से जल्द प्रदान करे ताकि परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिल सके। पार्टी के प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से प्रदेश महासचिव शानुल हक, प्रदेश उपाध्यक्ष अंजनी कुमार सिन्हा, मोहम्मद शहाबुद्दीन, प्रदेश सचिव आबिद अख्तर एवं परवेज आलम, फजल इमाम मुस्लिम यूथ लीग झारखंड प्रदेश अध्यक्ष तबरेज अहमद का नाम शामिल है।