जामताड़ा:
झिललुआ IRB-1 जामताड़ा (इंडिया रिजर्व बटालियन) में पदस्थापित डीएसपी प्रमोद कुमार सिंह की गुरुवार देर शाम अचानक मृत्यु हो गई। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मौत की वजह किचन में गिरना बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि शाम करीब 7:00 बजे डीएसपी प्रमोद कुमार सिंह अपने किचन में काम कर रहे थे, तभी वे अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गए। घटना के तुरंत बाद IRB के अन्य अधिकारियों द्वारा उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए जामताड़ा सदर ब्लॉक स्थित पारस अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मूल रूप से बिहार के आरा के रहने वाले थे DSP
दिवंगत डीएसपी प्रमोद कुमार सिंह मूल रूप से बिहार के आरा जिले के निवासी थे। उनकी अचानक हुई मौत की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। हादसे की सूचना मिलते ही जामताड़ा के एसपी शंभू कुमार सिंह, स्थानीय थाना प्रभारी और जिले के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत पारस अस्पताल पहुंचे और घटना की विस्तृत जानकारी ली।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार को मृतक डीएसपी के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।