logo

जामताड़ा से दो शातिर साइबर अपराधी गिरफ्तार, गेमिंग ऐप और KYC के नाम पर करते थे ठगी

jam_cyber2.jpg

जामताड़ा 

जामताड़ा पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ एक बार फिर बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने छापेमारी कर दो सक्रिय साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो देश के विभिन्न राज्यों में ठगी का जाल फैलाए हुए थे। बुधवार को जामताड़ा साइबर थाना में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यालय डीएसपी संजय कुमार सिंह ने इस पूरी कार्रवाई का खुलासा किया। जामताड़ा पुलिस अधीक्षक (SP) को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना प्रभारी मो. फारूक के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फतेहपुर थाना क्षेत्र के बनगड़ी गांव और करमाटांड़ थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव के पास पलाश के झाड़ियों वाले इलाके में दबिश दी। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर दो आरोपियों को दबोच लिया गया गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 30 वर्षीय गुलाम मुहम्मद (निवासी बनगड़ी, फतेहपुर) और 31 वर्षीय मो. मकबूल अंसारी (निवासी डुमरिया, करमाटांड़) शामिल हैं।

पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी

पुलिस ने इनके पास से अपराध में इस्तेमाल किए जा रहे 7 मोबाइल फोन और 9 सिम कार्ड बरामद किए हैं। जांच के दौरान पुलिस को इन अपराधियों के काम करने के तरीके के बारे में चौंकाने वाली जानकारी मिली है। आरोपी गेमिंग ऐप के ग्राहकों को निशाना बनाते थे। उन्हें झांसे में लेकर रिचार्ज करवाते थे और कूपन के माध्यम से खुद ऑनलाइन शॉपिंग करते थे। ये शातिर अपराधी विभिन्न बैंकों के फर्जी APK फाइल डाउनलोड करवाकर लोगों के फोन का एक्सेस ले लेते थे और उनके बैंक खातों से पैसे उड़ा लेते थे। इसके साथ ही जियो (Jio) कस्टमर केयर अधिकारी बनकर ग्राहकों को KYC अपडेट करने का डर दिखाते थे और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल कर लेते थे। इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 25/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की संबंधित धाराओं, आईटी एक्ट और टेली कम्युनिकेशंस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस सफल अभियान में साइबर थाना की टीम और आईआरबी के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

Tags - Jamtara police cyber crime cyber criminals arrested cyber fraud SP Jamtara