logo

जमशेदपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का किया खुलासा, 21 दोपहिया वाहन बरामद

जमशेदपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का किया खुलासा, 21 दोपहिया वाहन बरामद

द फॉलोअप, जमशेदपुर:

जमशेदपुर पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए बिष्टुपुर इलाके में सक्रिय दोपहिया वाहन चोर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 21 दोपहिया गाड़ियां बरामद की हैं। बरामद वाहनों में 19 बाइक और 2 स्कूटी है। पुलिस अब बरामद वाहनों के इंजन और चेचिस नंबर के आधार पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से उनका मिलान कर रही है। पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर की रात करीब 11 बजे सूचना मिली थी कि पीएम मॉल के पास दो युवक चोरी की स्कूटी लेकर घूम रहे हैं और किसी अन्य वाहन की चोरी की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की स्कूटी बरामद हुई।

वाहनों की पहचान छिपाने के लिए रजिस्ट्रेशन नंबर और नंबर प्लेट में बदलाव

पूछताछ में मिली जानकारी और दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने बागबेड़ा, पोटका और कोवाली थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी की। अलग-अलग स्थानों पर की गयी कार्रवाई में चोरी की 21 दोपहिया गाड़ियां बरामद हुईं। वहीं, गिरोह से जुड़े छह अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। इस तरह मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या आठ हो गयी है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य बिष्टुपुर और आसपास के भीड़भाड़ वाले इलाकों में खड़े दोपहिया वाहनों को निशाना बनाते थे। जुबिली पार्क, नेचर पार्क, पीएम मॉल और नॉर्थ पार्किंग एरिया समेत कई स्थानों से वाहनों की चोरी किये जाने की जानकारी पुलिस को मिली है। चोरी के बाद वाहनों की पहचान छिपाने के लिए रजिस्ट्रेशन नंबर और नंबर प्लेट में बदलाव किया जाता था।

ओडिशा, बिहार और बंगाल सीमा से सटे गांवों में बेचने की बात

पुलिस के अनुसार, चोरी किये गये वाहनों को जमशेदपुर के ग्रामीण इलाकों के अलावा ओडिशा, बिहार और बंगाल सीमा से सटे गांवों में बेचने की बात भी जांच में सामने आयी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री में कौन-कौन लोग शामिल हैं और गिरोह का नेटवर्क कितना बड़ा है। 21 दोपहिया वाहनों की बरामदगी के बाद पुलिस को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज कई वाहन चोरी के मामलों के उद्भेदन की उम्मीद है। बरामद वाहनों के इंजन, चेचिस और रजिस्ट्रेशन नंबर का सत्यापन कराया जा रहा है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह में शामिल अन्य लोगों और चोरी के वाहनों को ठिकाने लगाने वाले नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

जमशेदपुर के अलग-अलग इलाकों में सक्रिय

पुलिस ने बागबेड़ा शीतला मंदिर रोड नंबर एक के पास रहने वाले महेश कुमार उर्फ गोलू (19), पोटका के जोजोसाई निवासी मुनीराम मुर्मू (24), जोजोसाई निवासी कारू मार्डी (24), बागबेड़ा लाल बिल्डिंग दुर्गा पूजा पंडाल के समीप रहने वाले विक्रांत साहनी (22), विक्रम साहनी (22), कोवाली नरदा निवासी अशोक पात्रो (24), कोवाली कुंदरूकोचा निवासी पेलाराम सरदार (31) और कोवाली बोंगादुंगरी निवासी काशीनाथ सरदार (29) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वाहन चोरी के खिलाफ जमशेदपुर पुलिस की कार्रवाई में इससे पहले भी अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया जा चुका है। 24 अगस्त को पुलिस की स्पेशल टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया था कि गिरोह जमशेदपुर के अलग-अलग इलाकों में सक्रिय था और मौका मिलते ही बाइक चोरी कर लेता था।

जमशेदपुर में सक्रिय वाहन चोर 

चोरी की बाइक को 10 से 15 हजार रुपये में पड़ोसी राज्य ओडिशा में बेचने की बात भी सामने आयी थी। इसके बाद सितंबर में पुलिस ने इसी नेटवर्क से जुड़े दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों ने अगस्त में पकड़े गये आरोपियों के साथ मिलकर बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की जानकारी दी थी। गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उनकी निशानदेही पर मुसाबनी थाना क्षेत्र से दो अन्य आरोपियों को पकड़ा गया था। अगस्त और सितंबर की इन कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 25 चोरी की मोटरसाइकिलें और स्कूटी बरामद की थीं। इन मामलों में कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी। अब बिष्टुपुर पुलिस की कार्रवाई में 21 और दोपहिया वाहनों की बरामदगी से जमशेदपुर में सक्रिय वाहन चोर गिरोहों के नेटवर्क की कड़ियां और जुड़ती दिख रही हैं।

Tags - Jamshedpur police interstate vehicle theft gang crime news