logo

अंतरजिला साइबर गिरोह का पर्दाफाश, जामताड़ा में 8 अपराधी गिरफ्तार

jam1111.jpg

जामताड़ा
जामताड़ा साइबर थाना पुलिस ने अंतरजिला साइबर गिरोह के आठ अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। ये अपराधी क्रेडिट कार्ड, बिजली बिल भुगतान और कैशबैक के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
मामले का खुलासा एसपी राजकुमार मेहता ने शुक्रवार को साइबर थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश मंडल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में इंस्पेक्टर मनीष कुमार, एसआई प्रकाश सेठ, एएसआई बिनोद सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।


टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के बिक्रेमडीह से पश्चिम करीब 300 मीटर दूरी पर जोरिया के पास और करमाटांड़ थाना क्षेत्र के नीजकजरा स्थित महुआ पेड़ के पास कुएं के सामने छापेमारी कर सभी आरोपियों को दबोच लिया। इस संबंध में जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 11/26 दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 20 मोबाइल फोन और 17 सिम कार्ड बरामद किए हैं। एसपी मेहता ने बताया कि आरोपी “टाटा कार्ड” लिखकर लॉगिन करते थे और 10 अंकों का नंबर डालकर वैलिड क्रेडिट कार्ड नंबर प्राप्त कर ई-वॉलेट के जरिए ठगी करते थे। इसके अलावा बिजली बिल जमा नहीं होने या कनेक्शन चालू करने के नाम पर कॉल करते थे और फोनपे पर कैशबैक का लालच देकर व्हाट्सएप के जरिए स्क्रीन शेयरिंग ऐप या एपीके फाइल भेजकर लोगों के खातों से रकम उड़ा लेते थे।


पुलिस के अनुसार गिरोह का नेटवर्क पूरे देश में फैला हुआ था। दिल्ली के एक पीड़ित से ₹1,19,036.45 और दूसरे से ₹1,49,387.29 की ठगी की गई। वहीं महाराष्ट्र की एक महिला से ₹12,070.80 की ठगी की पुष्टि हुई है।
गिरफ्तार आरोपियों में विशाल मंडल, परदुम मंडल, राहुल कुमार मंडल, बिक्रम मंडल, बबलु मंडल, समीर अंसारी, अली मोहम्मद और सौकत अंसारी शामिल हैं। एसपी ने बताया कि विशाल मंडल, परदुम मंडल, बिक्रम मंडल और सौकत अंसारी का पूर्व आपराधिक इतिहास रहा है और ये पहले भी साइबर अपराध मामलों में जेल जा चुके हैं। सभी आरोपियों का मेडिकल जांच कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जामताड़ा मंडल कारा भेज दिया गया। पुलिस बरामद मोबाइल और सिम कार्ड की जांच कर अन्य राज्यों की पुलिस को भी सूचना देने की प्रक्रिया में जुटी है।


 

Tags -  Jamtara Police Raid Digital Payment Scam Screen Sharing App Fraud Cyber Thana Case Nationwide Cyber Network