रांची:
एकीकृत सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा (राज्य कमिटी) को सदस्य संजय कुमार दूबे ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा मंत्री जगरन्नाथ महतो और शिक्षा सचिव से ग्रीष्मकालीन विद्यालय संचालन के समय में बदलाव की मांग की है। संजय कुमार दूबे का कहना है कि इस समय विद्यालय का संचालन सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जा रहा जोकि तर्कसंगत नहीं है।

दोपहर 1 बजे होती है भीषण गर्मी
संजय कुमार दुबे ने कहा कि इस समय स्कूल की छुट्टियां दोपहर को 1 बजे होती है। इस समय तापमान और लू अपने चरम पर होता है। इससे बच्चों के स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। बच्चों को लू लगने की आशंका बनी रहेगी। लोग बीमार पड़ सकते हैं, इसलिए इस पर पुनर्विचार की आवश्यक्ता है। मांग की गई है कि जिस तरीके से पहले समय निर्धारित किया गया था, उसी को बरकरार रखा जाये।
सुबह साढ़े 6 से साढ़े 11 तक हो समय
तर्क ये भी दिया जा रहा है कि नई समय सारिणी लागू होने की वजह से विद्यालय में बच्चों की संख्या में अपेक्षाकृत कमी आई है। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों को बुखार है या किसी अन्य स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे हैं। एकीकृत सहायक अध्यापक संघ ने मांग की है कि विद्यालय का समय सुबह साढ़े 6 बजे से दोपहर साढ़े 11 बजे तक किया जाये। इससे विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति भी बनी रहेगी।