रांची
SIR अभियान को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने अभियान की समीक्षा करते हुए सभी बीएलओ को प्रतिदिन सुबह छह बजे से घर-घर जाकर मतदाताओं तक पहुंचने का निर्देश दिया है। समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने कहा कि सुबह के समय अधिकांश लोग अपने घरों पर उपलब्ध रहते हैं।
ऐसे में इसी समय मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराए जाएं और अधिक से अधिक भरे हुए फॉर्म एकत्र किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों से अभियान में तेजी लाने और तय लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने को कहा।

कार्यों की गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में SIR पूरा हो
डीसी ने स्पष्ट किया कि फॉर्म वितरण के साथ-साथ उनका समयबद्ध संग्रह और डिजिटलाइजेशन भी समान रूप से महत्वपूर्ण है। इसलिए पहले चरण में अधिक से अधिक फॉर्म जुटाने और दूसरे चरण में उनका व्यवस्थित डिजिटलीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पूरी प्रक्रिया बिना किसी देरी के पूरी हो सके।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों की नियमित निगरानी करने और अभियान की दैनिक समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्तर पर कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान पूरा किया जाना चाहिए।
समीक्षा बैठक में अभियान की प्रगति पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जिन क्षेत्रों में कार्य की गति अपेक्षाकृत धीमी है, वहां अतिरिक्त प्रयास कर अभियान को रफ्तार दी जाए। बैठक में डीआरओ, ईआरओ, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित शिक्षा, समाज कल्याण और प्रशासन से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।