logo

FIH Hockey Olympic Qualifier 2024 : जर्मनी के सामने आज खुद को परखने उतरेगी भारतीय टीम 

FIH_team_India1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची में 13 से 19 जनवरी तक एफआईएच हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर 2024 (FIH Hockey Olympic Qualifier 2024) होना है। टूर्नामेंट में भारत (Team India) समेत कुल 8 टीमों ने हिस्सा लिया है। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले सभी खिलाड़ी तैयारी में जुटे हुए हैं। वहीं आज अभ्यास मैच का सिलसिला शुरू होने जा रहा है। टीमें अपनी तैयारी परखने के लिए मैदान में उतरेगी। भारतीय महिला हॉकी टीम (Indian women's hockey team) आज जर्मनी के खिलाफ अपने प्रैक्टिस मैच खेलेगी। शाम 5 बजे से मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम (Marang Gomke Jaipal Singh Munda Stadium) में खेला जाएगा। 


एक दिन में होंगे तीन अभ्यास मैच
मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में मंगलवार को एक दिन में कुल तीन अभ्यास मैच खेले जायेंगे। जिसमें पहला मैच दो बजे जापान और यूएसए के बीच, दूसरा मैच पांच बजे भारत ओर जर्मनी के बीच और तीसरा अभ्यास मैच चिली और इटली के बीच खेला जायेगा। वहीं इससे पहले न्यूजीलैंड, जर्मनी, चेक रिपब्लिक, जापान और चिली की टीम अभ्यास करेगी। सभी टीमों के अभ्यास के लिए तीन ग्राउंड तय किये गये हैं। इसमें मोराबादी का एस्ट्रोटर्फ, बरियातू का एस्ट्रोटर्फ हॉकी ग्राउंड और हटिया रेलवे का एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम शामिल हैं। इटली और यूएसए की टीमें सुबह और शाम को अभ्यास सत्र में शामिल हो रही हैं।


 प्रैक्टिस मैच के लिए झारखंड हॉकी एसोसिएशन की ओर से तैयारी पूरी
मैदान में होने वाले अभ्यास मैच को लेकर झारखंड हॉकी के महासचिव विजय शंकर सिंह का कहना है कि ओलंपिक क्वालीफायर में खेलने वाली सभी टीमों के लिए अभ्यास करना बहुत जरूरी है। अभ्यास मैच अपने आप में बहुत महत्वपूर्ण है। किसी भी खिलाड़ी के लिए प्रैक्टिस मैच उसके लिए किसी टूर्नामेंट मैच से कम नहीं होता है।  प्रैक्टिस मैच के लिए झारखंड हॉकी एसोसिएशन की ओर से भी तैयारी पूरी कर ली गयी है। खिलाड़ियों की सभी सुविधाओं का विशेष ख्याल रखा गया है। ज्ञात हो कि 13 से 19 जनवरी तक एफआईएच हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर 2024 का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें अमेरिका, जापान, जर्मनी, चेक गणराज्य, न्यूजीलैंड, इटली, भारत और चिली की टीमें खेलेंगी।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N\