पश्चिमी सिंहभूम:
पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थानाक्षेत्र अंतर्गत बड़ा तोरलो गांव के मारिसाई टोला में शनिवार दोपहर इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आयी, जहां शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने अपने ही खून के रिश्तों को बेरहमी से खत्म कर दिया। आरोपी रमाय बिरूवा उर्फ लुगुन ने अपनी 33 वर्षीय बहू ननिका बिरूवा और 10 वर्षीय मासूम भतीजी शर्मिला बिरूवा की कुल्हाड़ी से काटकर कर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सन्नाटा और दहशत का माहौल है।

वारदात वाले दिन नशे में घर पहुंचा था बिरूवा
जानकारी के अनुसार, रमाय बिरूवा रोजाना शराब के नशे में घर लौटकर गाली-गलौज और झगड़ा करता था। शनिवार को भी वह नशे की हालत में घर पहुंचा और आते ही विवाद शुरू कर दिया। इसी दौरान उसने घर में रखी कुल्हाड़ी उठायी और अपनी बहू पर हमला कर दिया। उसके बाद उसने 10 वर्षीय मासूम बच्ची को भी नहीं बख्शा और अपनी भतीजी पर भी वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

खेत पर था हत्यारोपी का बेटा दखल सिंह
मिली जानकारी के अनुसार, वारदात के समय मृतका का पति दखल सिंह बिरूवा खेत में काम करने गया हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही जब वह घर लौटा तो पत्नी और बेटी को खून से लथपथ मृत पाया, जिससे पूरे परिवार में कोहराम मच गया।

शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया
इधर, घटना की सूचना मिलते ही मंझारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रमाय बिरूवा को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी आरोपी के निशानदेही पर बरामद कर ली गयी है। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
दूसरी ओर घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण गुस्से और सदमे में हैं। लोग लगातार यही चर्चा कर रहे हैं कि शराब की लत ने एक बार फिर एक पूरे परिवार को उजाड़ दिया।